मध्य प्रदेश के इंदौर से ओरमांझी जैविक उद्यान में लाए गए दो भेड़िया
चिड़ियाघर प्राधिकरण के वन्य जीवों के एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत गुरुवार को मध्य प्रदेश के इंदौर चिड़ियाघर से दो भेड़ियों को लाया गया।
ओरमांझी : चिड़ियाघर प्राधिकरण के वन्य जीवों के एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत गुरुवार को मध्य प्रदेश इंदौर के कमला नेहरू जू प्राणी संग्रहालय से एक पेयर भेड़िया बिरसा जैविक उद्यान लाया गया। यहा से एक पेयर शतुरमुर्ग इंदौर जू ले जाया जाएगा। गुरुवार को इंदौर जू के पशु चिकित्सक डा. उत्तम यादव व दो जू कर्मी संतोष सिंह पवार तथा गणेश सोमा भेड़ियों को लेकर पहुंचे। दोनों भेड़िया मेल 2.5 वर्ष व फीमेल तीन वर्ष की है। उन्हें फिलहाल उद्यान के पशु चिकित्सालय में रखा गया है। उन्हें बाद में केज में रखा जाएगा। वहीं, बिरसा जैविक उद्यान के दोनों शुतुरमुर्ग मेल चार वर्ष व फीमेल 4.6 वर्ष के हैं। उद्यान के पशु चिकित्सक डा. ओमप्रकाश साहू ने बताया कि दोनों आस्ट्रेलियन पक्षी शुतुरमुर्ग का जन्म भी बिरसा जैविक उद्यान में ही हुआ है। उद्यान में पहली बार भेड़िया लाया गया है। दोनों भड़िया स्वस्थ्य हैं। उन्होने बताया कि बिरसा जैविक उद्यान में कुल 83 प्रकार के 1465 वन्य जीव हैं। भेड़ियों के आने पर उद्यान के रेंज आफिसर रामचंद्र पासवान, पदाधिकारियों और वन्य कर्मियों ने खुशी जताई है। बताया गया कि मध्य प्रदेश सहित कई राज्य के जू पर्यटकों के लिए खोल दिए गए हैं। वहीं, बिरसा जैविक उद्यान खोलने का सरकारी आदेश नहीं मिलने के कारण लोकडाउन से ही उद्यान पर्यटकों के लिए बंद है। उद्यान प्रशासन को भी बिरसा जैविक उद्यान खोलने के लिए सरकार का आदेश मिलने का इंतजार है। सरकारी आदेश मिलते ही जैविक उद्यान को पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। इसकी तैयारी उद्यान कर्मी कर रहे हैं।