हजारीबाग पुलिस लाइन से चोरी गई दो स्कॉर्पियो बिहार के बक्सर से बरामद, 10 वाहन चोर धराए
Jharkhand News Hindi Samachar Hazaribagh News पुलिस ने तीन स्काॅर्पियो व 10 मोटर वाहन चोरों को पकड़ा है। वाहन चोरी के इस नेटवर्क में कई लोग सक्रिय हैं। इनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
चौपारण (हजारीबाग), जासं। हजारीबाग पुलिस को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। दरअसल इसी वर्ष फरवरी माह में हजारीबाग पुलिस लाइन से दो एसआइ मनजीत सिंह व सुदामा कुमार की स्कॉर्पियो चोरों ने उड़ा ली थी। इसके बाद हजारीबाग पुलिस की काफी किरकिरी हुई थी। हालत यह था कि पुलिस लाइन में अपने वाहनों को लोग ताला लगाकर रखने लगे थे। इधर, चोरी के बाद पुलिस की जांच जारी थी। इसी क्रम में पुलिस ने बीते दिन एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
बताया गया कि पुलिस ने बिहार के बक्सर से दोनों दारोगा के स्कॉर्पियो तथा चोरी का एक अन्य स्कार्पियो बरामद कर लिया है। यही नहीं, अंतरराज्यीय वाहन चोरों के नेटवर्क का उद्भेदन करते हुए 10 लोगों को पकड़ा भी गया है। हालांकि पुलिस लगातार मामले की छानबीन में लगी हुई है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि वाहन चोरी के इस नेटवर्क में कई लोग सक्रिय हैं।
इनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। थाना प्रभारी बिनोद तिर्की ने बताया कि शीघ्र ही बड़ा खुलासा होगा। इस बीच दोनों दारोगा के वाहन को थाना में लगाया गया। पुलिस की इस उपलब्धि की काफी चर्चा है। बरामद तीनों वाहनों को चौपारण थाने में रखा गया है। वहीं पुलिस लगातार छापेमारी भी कर रही है।
एक आरोपित गिरफ्तार
विष्णुगढ़ थाने की पुलिस ने मुकेश स्वर्णकार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपित पर थाने में कांड संख्या 108/2021 भादवि की धारा 147, 148, 149, 341, 323, 120बी, 302, 379, 427, 504 के तहत मामला दर्ज है। वह गिरिडीह जिले के तेलियाटुंडा का रहने वाला है। मामले में कई और आरोपित नामजद हैं। इनकी गिरफ्तारी को लेकर थाने की पुलिस गंभीर है।