Tractor Rally: कांग्रेस की ट्रैक्टर रैली आज, कृषि कानूनों की मुखालफत में जुटेंगे कांग्रेसी दिग्गज
Tractor Rally झारखंड में कांग्रेस आज ट्रैक्टर रैली कर रही है। केंद्र सरकार से कृषि कानूनों की वापसी की मांग को लेकर यह रैली निकाली जा रही है। गोड्डा से कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव की अगुआई में निकाली जा रही ट्रैक्टर रैली में कांग्रेसी दिग्गज जुटेंगे।
रांची, राज्य ब्यूरो। Tractor Rally झारखंड में कांग्रेस आज ट्रैक्टर रैली कर रही है। केंद्र सरकार से कृषि कानूनों की वापसी की मांग को लेकर यह रैली निकाली जा रही है। इस आयोजन के संयोजक गोड्डा से कांग्रेस विधायक प्रदीप यादव की अगुआई में निकाली जा रही ट्रैक्टर रैली में कांग्रेसी दिग्गज जुटेंगे। यह रैली गोड्डा में कारगिल चौक से होते हुए देवघर के रोहिणी शहीद स्थल तक निकाली जा रही है।
कांग्रेस का दावा है कि लोकतांत्रिक तरीके से की जा रही इस रैली में शांतिपूर्ण ढंग से देशहित में केंद्र सरकार से कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग की जाएगी। इस रैली की गूंज झारखंड से दिल्ली तक सुनी जाएगी। आगे कांग्रेस प्रदेश के पांचों प्रमंडल में ट्रैक्टर रैली करेगी। कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि गांधीवादी तरीके से पूरी मजबूती से केंद्र सरकार के कानों तक कृषि कानून वापसी की आवाज पहुंचाई जा रही है। ताकि आने वाली पीढ़ियां अपने हक-हुकूक की आवाज बुलंदी से उठा सके।
आज की ट्रैक्टर रैली में झारखंड कांग्रेस अध्यक्ष रामेश्वर उरांव, विधायक दल के नेता आलमगीर आलम, श्रम मंत्री सत्यानंद भोक्ता, कांग्रेस के तमाम विधायक और गठबंधन दल के नेता शामिल होंगे। कांग्रेस की ओर से कहा गया है कि दिल्ली में अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में यह ट्रैक्टर रैली निकाली जा रही है। इसमें हर जिले से किसानों को बुलाया गया है।
इधर कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने 26 जनवरी को दिल्ली में किसान आंदोलन के क्रम में निकाली गई ट्रैक्टर रैली और लाल किले पर झंडा फहराने की घटना की न्यायिक जांच की मांग की है। उन्होंने राष्ट्रपति और सुप्रीम कोर्ट को स्वत: संज्ञान लेकर पूरे मामले की जांच कराने का आग्रह किया है। उन्होंने केंद्र सरकार और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए लोकसभा में पूरे मामले पर बहस की मांग की।