Top Ranchi News of the Day, 9th December 2019, जवान ने कमांडर को भूना, मोदी आगे राहुल पीछे, रामगढ़ एसपी तलब, 4 दिनों तक कोहरा, तेल ने दिखाया ताव
Top Ranchi News of the Day 9th December 2019. पढ़ें सोमवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the Day 9th December 2019 - सोमवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स के एक जवान ने अपने कमांडर को भून डाला और फिर खुद को भी गोली मार ली। झारखंड विधानसभा चुनाव प्रचार में पीएम मोदी आगे-आगे तो राहुल गांधी पीछे-पीछे चल रहे हैं। झारखंड हाई कोर्ट ने रामगढ़ एसपी को कोल बिक्री के मामले में तलब किया है। झारखंड में अगले चार दिनों तक कोहरा छाया रहेगा और सर्दी सताती रहेगी। प्याज के बाद अब तेल की भी कीमत बढ़ गई है। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
रांची में जवान ने कमांडर को भूना, फिर खुद को मारी गोली
राजधानी रांची के खेलगांव में परिसर में ठहरे छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स का कंपनी कैंप सोमवार की सुबह गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। आर्म्ड फोर्स के एक कांस्टेबल ने अपने ही कंपनी कमांडर को एकके 47 से भून डाला। इसके बाद खुद गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना सुबह करीब 5:30 बजे की है। गोलियों की बौछार से पूरे परिसर में दहशत का माहौल पैदा हो गया। जब तक कोई कुछ समझ पाता, दोनों मौके पर ही दम तोड़ चुके थे।
आगे-आगे मोदी, पीछे-पीछे राहुल
झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा-कांग्रेस समेत सभी दलों ने अपनी ताकत झोंक दी है। हाल यह है कि सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत आधा दर्जन बड़े नेताओं की सभाएं झारखंड में हुई। आलम यह था कि आगे-आगे मोदी चल रहे थे तो पीछे-पीछे राहुल गांधी। हजारीबाग के बरही में पीएम मोदी ने जनसभा को संबोधित कर कांग्रेस और अन्य विरोधियों पर निशाना साधा, तो वहां से कुछ ही किलोमीटर दूर बड़कागांव में कांग्रेस की सभा में राहुल गांधी पीएम मोदी पर आरोपों के तीर चला रहे थे।
फर्जी दस्तावेज पर कोयला बिक्री मामले में हाई कोर्ट ने रामगढ़ एसपी को किया तलब
झारखंड हाई कोर्ट ने फर्जी दस्तावेज के आधार पर कोयला बेचने के मामले में रामगढ़ एसपी को तलब किया है। फर्जी दस्तावेज के आधार पर कोयला बेचने के मामले में सोमवार को झारखंड हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। इस मामले में प्रार्थी का आरोप है कि फर्जी बिल के आधार पर करोड़ों का कोयला बेचा गया। सुनवाई के दौरान अदालत ने रामगढ़ एसपी को तलब किया।
झारखंड में चार दिनों तक छाया रहेगा कोहरा, सताती रहेगी सर्दी
आगामी चार दिनों तक सुबह में कोहरे की हल्की धुंध होगी और बाद में आसमान साफ रहेगा। इसके साथ ही सर्दी भी सताती रहेगी। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि रविवार को पूरे प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान कांके में 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रांची का अधिकतम तापमान सामान्य रहा। जबकि न्यूनतम तापमान 1.0 डिग्री सेल्सियस अधिक रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आगामी चार दिनों तक अधिकतम तापमान 24-25 व न्यूनतम तापमान 11.0 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
महंगे प्याज के बाद अब तेल ने भी दिखाया ताव, बढ़ी कीमतें
प्याज के बाद अब तेल की कीमतें लोगों को रुलाने लगी है। एक माह के भीतर तेल की कीमतों में पांच से लेकर पंद्रह रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। इनमें सबसे अधिक वृद्धि पाम ऑयल में 15 रुपये प्रति किलो की हुई है। इसके साथ ही सरसों तेल में 9-10 रुपये व रिफाइन की कीमतों में 5 रुपये प्रति किलो का इजाफा हुआ है। व्यापारियों के मुताबिक मलेशिया व इंडोनेशिया से पाम ऑयल की सप्लाई में आई कमी के कारण तेल की कीमतें बढ़ी हैं।