Top Ranchi News of the Day, 5th May 2020, 8 अधिकारियों का पदस्थापन, 30 पुलिसवाले हटाए गए, बच्चे की मौत पर मांगा जवाब, रिम्स के डॉक्टर से ठगी, पुलिसवाले ने किया दुष्कर्म
Top Ranchi News of the Day 5th May 2020. पढ़ें मंगलवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the Day 5th May 2020 - मंगलवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। कोरोना की रोकथाम हेतु आठ अधिकारियों का पदस्थापन किया गया है। पुलिस मुख्यालय में तैनात 30 पुलिसवालों को उनके पैतृक जिला में भेज दिया गया है। गर्भवती महिला के बच्चे की मौत पर हाई कोर्ट ने सरकार से जवाब मांगा है। रिम्स के डॉक्टर के नाम पर रिम्स के ही एक अन्य डॉक्टर से ठगी कर ली गई। एक महिला के साथ पुलिसवाले पर दुष्कर्म का आरोप है। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
राज्य प्रशासनिक सेवा के 8 अधिकारियों का किया गया पदस्थापन
कोरोना महामारी से निपटने के लिए झारखंड सरकार ने प्रयास और तेज कर दिए हैं। राज्य का हॉटस्पॉट बने राजधानी रांची में इसके लिए आठ अधिकारियों की तैनाती की गई है। ये अधिकारी रांची उपायुक्त के कार्यालय में योगदान देंगे और कोरोना की रोकथाम व बचाव के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों में तेजी लाएंगे। ये सभी अधिकारी कोरोना से जुड़े कार्यों के ससमय निष्पादन, समीक्षा और अनुपालन को पूरा करेंगे। पदस्थापित आठ पदाधिकारियों में तीन अधिकारी वेटिंग फॉर पोस्टिंग थे।
पुलिस मुख्यालय में पदस्थापित 30 कर्मी-पदाधिकारी हटाए गए
झारखंड पुलिस मुख्यालय के विभिन्न प्रशाखाओं में पदस्थापित सिपाही से पुलिस निरीक्षक स्तर तक के 30 पदाधिकारी-कर्मियों को हटा दिया गया है। उन्हें तत्काल प्रभाव से उनके पैतृक जिला, इकाई व वाहिनी में वापस कर दिया गया है। इससे जुड़ा आदेश सोमवार को जारी कर दिया गया। जिन 30 पदाधिकारी-कर्मी को हटाया गया है, वे लंबे समय से पूर्व के डीजीपी के कार्यकाल से पदस्थापित रहे हैं। अब पुलिस मुख्यालय के विभिन्न प्रशाखा में वैसे पदाधिकारी-कर्मी पदस्थापित होंगे, जो कभी भी पुलिस मुख्यालय में पदस्थापित नहीं रहे हैं और अपने कार्यों में दक्ष हैं।
गर्भवती महिला के बच्चे की मौत मामले में हाई कोर्ट ने सरकार से मांगा जवाब
कोरोनावायरस से निपटने के मामले को लेकर दाखिल विभिन्न याचिकाओं पर झारखंड हाई कोर्ट में मंगलवार को सुनवाई हुई। चीफ जस्टिस डॉ रवि रंजन ने रांची में इलाज के अभाव में गर्भवती महिला के बच्चे की मौत के मामले में सरकार से पूछा कि इस मामले में अब तक क्या कार्यवाही की गई है। इसकी पूरी जांच रिपोर्ट अदालत में दाखिल की जाए। सरकार की ओर से देरी से जवाब दाखिल करने की वजह से याचिका पर सुनवाई टल गई। अदालत ने सरकार से यह भी पूछा है कि अब तक कितने कोरोना टेस्ट किए गए हैं।
रिम्स के डॉक्टर के नाम पर फेक आइडी बनाकर ठग लिए 15 हजार रुपये
रिम्स में कोरोना की जांच करने वाले माइक्रोबायोलॉजी विभाग के हेड डॉ मनोज कुमार के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाकर साइबर अपराधियों ने उनके ही विभाग के एक वैज्ञानिक निकेश कुमार सिन्हा से 15 हजार रुपये ठग लिए। जब उक्त वैज्ञानिक ने डॉ मनोज को फोन कर 15 हजार रुपये उन्हें देने की बात बताई, तब जाकर फेक आइडी की बात सामने आयी। फेक आइडी बनाकर वैज्ञानिक को हैकर ने मैसेज कर गूगल पे के माध्यम से 15 हजार भेजने को कहा। वैज्ञानिक ने पैसे भी भेज दिए। इस घटना की सूचना होने के बाद उन्होंने पूरे मामले की जानकारी साइबर क्राइम थाना और स्थानीय बारियातू थाना को दी।
पुलिसकर्मी ने महिला के साथ किया दुष्कर्म, मामला दर्ज
रांची के पुंदाग की एक महिला ने पुलिसकर्मी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस हाइवे पेट्रोल के चालक ब्रजेश बड़ाइक पर पुंदाग थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। घटना 19 मार्च की है, लेकिन सोमवार को महिला ने थाने में मामला दर्ज कराया। महिला का आरोप है कि पुलिसकर्मी ब्रजेश बड़ाइक ने अपने कमरे में ले जाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। लोक लाज के डर से वह चुप रही। लेकिन कथित पति के साथ वह थाना पहुंची और मामला दर्ज कराई।