Top Ranchi News of the Day, 4th July 2020, लालू की जमानत याचिका, कोल हड़ताल से नुकसान, कोरोना से 3 की मौत, लालू के वार्ड का निरीक्षण, 10 लाख रंगदारी मांगने में एक धराया
Top Ranchi News of the Day 4th July 2020. पढ़ें शनिवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the Day 4th July 2020 - शनिवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। लालू प्रसाद ने झारखंड हाई कोर्ट में जमानत के लिए याचिका दाखिल की है। कोयला मजदूरों की हड़ताल से लगभग 61 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। कोरोना से झारखंड में आज तीन लोगों की मौत हो गई है। लालू प्रसाद के वार्ड का आज रांची पुलिस ने निरीक्षण किया है। रांची के एक व्यवसायी से 10 लाख रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने एक को गिरफ्तार किया है। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
लालू प्रसाद ने झारखंड हाई कोर्ट में दाखिल की जमानत याचिका
चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव ने झारखंड हाई कोर्ट में याचिका दाखिल कर जमानत देने की गुहार लगाई है। उनकी ओर से चाईबासा कोषागार से अवैध निकासी मामले में जमानत याचिका दाखिल की गई है। बताया जा रहा है कि बिहार चुनाव को लेकर लालू प्रसाद ने जमानत याचिका दाखिल की है, ताकि वे चुनाव में अपने बेटों की मदद कर सकें। याचिका में कहा गया है कि उन्होंने चाईबासा मामले में सीबीआइ कोर्ट से मिली सजा की आधी सजा काट ली है। इसलिए उन्हें जमानत की सुविधा प्रदान की जाए।
झारखंड में आज कोरोनावायरस से 3 की गई जान
झारखंड में आज शनिवार को कोरोना से एक साथ तीन लोगों की मौत हो गई है। इनमें से एक जमशेदपुर का रहने वाला है। दूसरा खूंटी का और तीसरा साहिबगंज का रहने वाला मरीज है। जमशेदपुर और खूंटी में कोरोना वायरस से पहली मौत हुई है। अब झारखंड में कोरोना से कुल 18 लोगों की मौत हो गई है। इससे पहले बोकारो-गिरिडीह में दो-दो, गुमला में एक, हजारीबाग में तीन, कोडरमा में एक, रांची में चार, साहिबगंज और सिमडेगा में एक-एक मौत हुई थी।
कोयला मजदूरों की हड़ताल से 61 करोड़ के नुकसान का अनुमान
कोल इंडिया के मजदूर संगठनों की हड़ताल शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रही। बताया जा रहा है कि इस हड़ताल से लगभग 61 करोड़ रुपये के नुकसान हुआ है। यह हड़ताल कोयला क्षेत्र में वाणिज्यिक खनन की अनुमति देने के विरोध में बुलायी गयी है। यूनियन के नेता कोल इंडिया और सीसीएल के द्वारा लगातार हड़ताल खत्म करने के लिए दबाव बनाने का दावा कर रहे हैं। इस हड़ताल में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के समर्थित भारतीय मजदूर संघ समेत कुल पांच ट्रेड यूनियनों के द्वारा हड़ताल का आह्वान किया गया है।
साइकिल व्यवसायी से 10 लाख रंगदारी मांगने के मामले में एक गिरफ्तार
रांची पुलिस ने एक व्यवसायी से 10 लाख रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में छापेमारी कर एक को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए युवक से पुलिस पूछताछ कर रही है। हालांकि युवक से पुलिस को अब तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिल पाई है। मेन रोड में साइकिल व्यवसायी को एक अपराधी ने उनके फोन पर कॉल कर उन्हें दस लाख रुपये की रंगदारी मांगी थी। बताया जा रहा है कि रंगदारी मांगने वाले ने खुद को पलामू के गैंगस्टर डबलू सिंह का आदमी बता रंगदारी मांगी है। उसने रंगदारी नहीं देने पर जान से हाथ धोने की चेतावनी दी गई थी।
लालू प्रसाद के वार्ड का ग्रामीण एसपी ने किया निरीक्षण
मीडिया के माध्यम से मिली सूचना के आधार पर रांची के ग्रामीण एसपी ने रिम्स के पेइंग वार्ड में इलाजरत चारा घोटाला मामले में सजायाफ्ता राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के वार्ड का शनिवार को निरीक्षण किया। ग्रामीण एसपी नौशाद आलम ने करीब आधे घंटे तक पूरे वार्ड की गहनता से जांच की। साथ ही सुरक्षा पर तैनात सभी पुलिस कर्मियों को विशेष दिशा निर्देश भी दिए। उन्होंने बताया कि सूचना मिली थी कि लालू प्रसाद से लोग मुलाकात कर रहे हैं। जांच में ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है। ऐसा मामला सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।