Top Ranchi News of the Day, 2nd August 2019, दीपाटोली में हत्या, फर्जी नक्सली सरेंडर, हत्याकांड का खुलासा, भारी बारिश का अनुमान, 28% धानरोपनी
Top Ranchi News of the Day 2nd August 2019. पढ़ें शुक्रवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the day 2nd August 2019 - शुक्रवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। रांची के दीपाटोली में एक आर्मी जवान ने अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी। फर्जी नक्सली सरेंडर मामले में शुक्रवार को हाई कोर्ट में सुनवाई हुई। पुलिस ने आकाश हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। 4 और 5 अगस्त को झारखंड में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। अब तक झारखंड में महज 28% धानरोपनी हुई है। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
आर्मी जवान ने पत्नी की गला काटकर की हत्या
झारखंड की राजधानी रांची में भारतीय सेना के एक जवान ने अपनी पत्नी का कत्ल कर दिया। यहां सदर थाना क्षेत्र के दीपाटोली आर्मी कैंट आर्मी के एक जवान ने अपने ही पत्नी की हत्या कर दी है। हत्या को अंजाम देने के बाद आर्मी का जवान फरार हो गया है। लाश के साथ दो छोटे बच्चों को भी छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस हत्यारोपी आर्मी जवान की तलाश में जुटी है। जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र के अमरावती जिले के रहने वाले देशपाल अठावले नामक आर्मी जवान ने अपनी ही पत्नी मनीषा अठावले की बड़े ही बेरहमी से चाकू से गोद गोद कर हत्या कर दी।
पुलिस ने किया दो हत्याकांडों का खुलासा
नामकुम थाना क्षेत्र में हुए 3 जुलाई को मुर्गी व्यवसायी की गोली मारकर हत्या और खरसीदाग ओपी इलाके में हुई आकाश की हत्या का खुलासा रांची पुलिस ने कर दिया है। इस मामले में पांच अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में 3 अपराधी अब भी फरार हैं। एसएसपी अनिश गुप्ता ने शुक्रवार को प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि हत्या के दोनों मामलों का उद्भेदन पुलिस ने कर लिया है। बचे हुए अपराधी भी जल्द पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
फर्जी नक्सली सरेंडर मामले में हाई कोर्ट में हुई सुनवाई
झारखंड हाई कोर्ट में शुक्रवार को फर्जी नक्सली सरेंडर मामले में सुनवाई हुई। इस दौरान अदालत में उंची आवाज में बहस करने को लेकर जजसाहब ने वकील को कड़े लहजे में चेताया। दिग्दर्शन कोचिंग के साथ मिलकर सैंकड़ों लोगों को सरेंडर कराने के मामले में सीबीआइ जांच कराने को लेकर दाखिल की गई याचिका की सुनवार्इ करते हुए अदालत ने अधिवक्ता को दो टूक कहा कि बहस गंभीरता से होनी चाहिए। अदालत को पब्लिक प्रमोशन की जगह नहीं बनाना चाहिए।
4 और 5 अगस्त को झारखंड में भारी बारिश का अनुमान
मौसम विभाग ने 4 और 5 अगस्त को झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया है। इन जिलों के लिए अलर्ट जारी करते हुए कहा गया है कि शनिवार को राज्य के उत्तरी जिलों में कुछ स्थानों पर गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। चार अगस्त को राज्य के उत्तरी व मध्य जिलों में कई स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। शेष जगहों पर हल्के दर्जे की बारिश होगी। पांच अगस्त को राज्य के लगभग सभी स्थानों पर हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी।
अब तक झारखंड में महज 28% धानरोपनी
जुलाई के अंतिम सप्ताह मेंं हुई बारिश से धान के आच्छादन की स्थिति में थोड़ा सुधार है। लेकिन, फिलहाल जो स्थिति दिखाई दे रही है, उससे यह स्पष्ट है कि लक्ष्य 1800 हेक्टेयर के आसपास भी पहुंचना मुश्किल है। एक अगस्त तक के कृषि निदेशालय के आंकड़े बता रहे हैं कि अब तक महज 502 हेक्टेयर में धान की रोपनी का कार्य किया गया है, जो कि लक्ष्य के 28 फीसद के करीब है। हालांकि, धान को छोड़ दें तो मक्का व दलहन की स्थिति अपेक्षाकृत बेहतर है। मक्का का आच्छादन लक्ष्य के 78 फीसद के करीब पहुंच चुका है, जबकि दलहन का 52 फीसद के करीब है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप