Top Ranchi News of the Day, 19th November 2019, विष्णु भैया आजसू में, राजद के उम्मीदवार, बाबूलाल धनवार से, सरयू नीतीश की दोस्ती, भाजपा की 8 सीटें
Top Ranchi News of the Day 19th November 2019. पढ़ें मंगलवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the Day 19th November 2019 - मंगलवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। भाजपा से विधायक रहे विष्णु भैया ने आजसू से नाता जोड़ लिया है। राजद ने अपने सात प्रत्याशियों के नामों का एलान कर दिया है। झाविमो प्रमुख बाबूलाल मरांडी धनवार विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। सरयू राय के मुख्यमंत्री रघुवर दास के खिलाफ चुनाव लडऩे के एलान के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरयू के समर्थन में खुलकर आ गए हैं। भाजपा की आठ सीटें अभी तक लटकी हुई है। इससे संभावित उम्मीदवारों की सांसें अटकी हुई है। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
झाविमो को गच्चा दे विष्णु भैया आजसू में शामिल
झारखंड विधानसभा चुनाव में विक्षुब्धों और बागियों की पहली पसंद बनी आजसू पार्टी में मंगलवार को फिर एक बड़ी इंट्री हुई। भाजपा के पूर्व विधायक विष्णु भैया आज आजसू में शामिल हो गए। विष्णु भाजपा से टिकट नहीं मिलने पर नाराज थे और पार्टी छोड़ दी थी। दो दिन पूर्व इन्होंने बाबूलाल मरांडी की पार्टी झाविमो में शामिल होने की घोषणा की थी। विष्णु भैया अब आजसू के टिकट पर जामताड़ा से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
राजद के प्रत्याशियों की सूची जारी, सुभाष यादव कोडरमा से लड़ेंगे चुनाव
झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने इसकी घोषणा की। मंगलवार को जारी सूची के अनुसार सुभाष यादव कोडरमा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। राष्ट्रीय जनता दल ने सात विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारे हैं। संजय कुमार सिंह यादव को हुसैनाबाद से टिकट दिया गया है। बता दें कि महागठबंधन के तहत राजद को सात सीटें मिली हैं।
झाविमो ने जारी की चौथी सूची, बाबूलाल मरांडी धनवार से लड़ेंगे चुनाव
बाबूलाल मरांडी की पार्टी झारखंड विकास मोर्चा ने विधानसभा चुनाव को लेकर प्रत्याशियों की चौथी सूची जारी की है। मंगलवार को जारी सूची में पार्टी सुप्रीमो बाबूलाल मरांडी का भी नाम शामिल है। कुल नौ उम्मीदवारों के नामों का एलान किया गया है। धनवार से बाबूलाल मरांडी स्वयं विधानसभा चुनाव में खड़े हो रहे हैं। कोडरमा से रमेश हर्षधर को टिकट दिया गया है।
सरयू राय के बागी होते ही नीतीश कुमार की दोस्ती उफान पर
समय के साथ झारखंड विधानसभा चुनाव खासा दिलचस्प होता जा रहा है। मुख्यमंत्री रघुवर दास और बीजेपी के बागी मंत्री सरयू राय के मैदान-ए-जंग में आमने-सामने आ जाने से देश-दुनिया की नजरें जमशेदपुर पूर्वी सीट पर टिक गई हैं। यहां दोनों के बीच कड़े संघर्ष और रोचक मुकाबले की जमीन तैयार है। अपने सीएम के खिलाफ ताल ठोंकने वाले सरयू लगातार बगावती सुर बुलंद कर रहे हैं। भाजपा के सहयोगी जदयू पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरयू राय के समर्थन में खुलकर सामने आ गए हैं। सरयू से नीतीश की दोस्ती उफान पर है। उन्होंने सरयू के लिए चुनाव प्रचार करने का एलान किया है।
भाजपा की अभी 8 सीटें लटकीं, संभावितों की सांसें अटकीं
टिकट बंटवारे को लेकर सबसे अधिक तेजी दिखाने वाली भाजपा अब सुस्त है। पहली सूची में एक साथ 52 प्रत्याशियों की घोषणा करने वाली भाजपा अब एक सीट की घोषणा पर उतर आई है। चौथी के बाद पांचवीं सूची तो जारी ही नहीं की गई, सीधे जमशेदपुर पश्चिम के लिए सिंबल जारी कर दिया गया। भाजपा अब तक 72 उम्मीदवारों को टिकट दे चुकी है। हुसैनाबाद में पार्टी समर्थित उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। जाहिर है 73 सीटों पर पार्टी का रुख साफ हो चुका है, जबकि कांके समेत आठ सीटें अब भी लटकी हैं। आजसू प्रमुख सुदेश महतो की सिल्ली सीट भाजपा के स्तर से छोडऩे की बात कही जा रही है। ऐसी स्थिति में भी भाजपा को सात सीटों पर अभी अपना प्रत्याशी देना शेष है।