Top Ranchi News of the Day, 18th February 2020, मंत्री की चेतावनी, लालू प्रसाद का दांत, भाजपा कार्यालय में बाबूलाल, वकीलों की हड़ताल, ग्रामीणों तैराकों को प्रशिक्षण
Top Ranchi News of the Day 18th February 2020. पढ़ें मंगलवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the Day 18th February 2020 - मंगलवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा है कि किसी भी डॉक्टर से बदसलूकी हुई तो सरकार इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। रिम्स में भर्ती लालू यादव के दांत का मंगलवार को इलाज किया गया। एक दिन पूर्व ही भाजपा में शामिल हुए बाबूलाल मरांडी का प्रदेश कार्यालय में जोरदार स्वागत किया गया। पलामू में जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष के साथ बदसलूकी के विरोध में पूरे झारखंड में वकीलों ने कार्य बहिष्कार किया। सरकार ग्रामीण तैराकों को प्रशिक्षण देकर आपदा प्रबंधन विभाग से जोड़ेगी। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
मंत्री बन्ना गुप्ता की चेतावनी, डॉक्टरों को डराया तो बर्दाश्त नहीं करेगी सरकार
गिरिडीह में डॉक्टर आदिति कश्यप व उनके चालक पर हमला तथा गाड़ी में तोडफ़ोड़ के मामले को स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार का विजन साफ है। किसी भी डॉक्टर के साथ बदसलूकी हुई और उन्हें प्रताडि़त किया गया तो सरकार इसे बर्दाश्त नहीं करेगी और दोषियों पर कार्रवाई होगी। मंत्री बन्ना गुप्ता ने इस मामले में स्वयं गृह कार्य एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, डीजीपी कमल नयन चौबे और गिरिडीह के एसपी सुरेंद्र कुमार झा को विशेष तौर पर निर्देशित किया है।
लालू यादव के दांत में अचानक उठा दर्द, डॉक्टरों ने उखाड़ा
रिम्स में भर्ती राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद को मंगलवार को फिर से परेशानी का सामना करना पड़ा। पहले ही 15 बीमारियों से परेशान लालू के दांत में मंगलवार को अचानक दर्द शुरू हो गया। इसके बाद अस्पताल प्रबंधन लालू प्रसाद को रिम्स के ही डेंटल विभाग में ले गया। यहां डॉक्टरों ने उनके दांत के दर्द का इलाज किया। डॉक्टरों ने दर्द से पीडि़त लालू प्रसाद का दांत उखाड़ दिया। डॉक्टर प्रजापति की देखरेख में लालू प्रसाद का इलाज किया गया।
भाजपा कार्यालय में बाबूलाल मरांडी का जोरदार स्वागत
बाबूलाल मरांडी भाजपा में शामिल होने के बाद मंगलवार को रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे। यहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। इस दौरान झाविमो बाबूलाल के साथ रहे नेता और कार्यकर्ता भी साथ रहे। बाबूलाल के आने से भाजपा कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ता बहुत उत्साहित दिखे। बाबूलाल मरांडी ने भाजपा कार्यालय में प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह और प्रदेश के अन्य पदाधिकारियों से मुलाकात की। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आज निशब्द हूं। यहां मेरा ऐसा स्वागत हुआ है कि मेरे पास व्यक्त करने के लिए कोई शब्द नहीं बचा है।
झारखंड में वकीलों की हड़ताल, बड़े केसों की सुनवाई टली
पलामू जिला बार एसोसिएशन और प्रभारी जिला जज के बीच उत्पन्न विवाद का रांची में असर देखने को मिला। रांची जिला बार एसोसिएशन की अपील पर अधिवक्ताओं ने न्यायिक कार्य से खुद को अलग रखा। मंगलवार को सिविल कोर्ट की विभिन्न अदालतों में सुनवाई नहीं हो रही है। इसके अलावा लोहरदगा, गिरिडीह, पाकुड़, रामगढ़ आदि जिलों में भी वकीलों ने कार्य का बहिष्कार किया। न्यायिक कार्य से दूर रहने की घोषणा से आम लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। पलामू जिले में लगातार तीसरे दिन वकीलों ने कार्य बहिष्कार किया।
ग्रामीण तैराकों को आपदा प्रबंधन से जोड़ेगी झारखंड सरकार
आपदा प्रबंधन विभाग के मंत्री बन्ना गुप्ता ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ग्रामीणों को विभाग से जोडऩा उनकी प्राथमिकताओं में से एक है। कहा कि डैम, नदी, तालाब के किनारे रहने वाले वैसे ग्रामीण बच्चे जो किसी भी वक्त जान पर खेलकर डूबते को बचाते हैं, उन्हें आपदा मित्र बनाया जाएगा। ऐसे बच्चों को चिन्हित कर आपदा प्रबंधन विभाग उन्हें विशेष रूप से प्रशिक्षित करेगा और अत्याधुनिक उपकरणों से लैस करेगा। इससे उन्हें रोजगार मिलेगा और ज्यादा से ज्यादा ग्रामीण सरकार से जुड़ेंगे।