Top Ranchi News of the Day, 15th February 2020, लालू से मिले शरद व शत्रुघ्न, रेस वॉकिंग चैंपियनशिप, लालू जाएंगे एम्स, बदलेगा मौसम, राष्ट्र सेविका समिति बैठक
Top Ranchi News of the Day 15th February 2020. पढ़ें शनिवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
रांची, जेएनएन। Top Ranchi News of the Day 15th February 2020 - शनिवार शाम पांच बजे तक की रांची की टॉप 5 खबरें। रिम्स में लालू प्रसाद से शरद यादव और शत्रुघ्न सिन्हा ने मुलाकात की। रेलवे की भावना जाट ने सातवीं राष्ट्रीय व तीसरी अंतरराष्ट्रीय वाकिंग रेस चैंपियनशिप में टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। लालू प्रसाद यादव अपनी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए नई दिल्ली के एम्स अस्पताल जाएंगे। झारखंड में पांच दिनों बाद मौसम बदलेगा। राष्ट्र सेविका समिति की कार्यकारिणी की बैठक रांची में शुरू हुई। ताजातरीन खबरों के लिए बने रहिए हमारे साथ।
लालू से मिले शरद यादव व शत्रुघ्न सिन्हा, विपक्षी एकता को बताया जरूरी
बिहार में महागठबंधन को लेकर चल रही रस्साकशी को दूर करने के लिए शनिवार को पूर्व राज्यसभा सांसद शरद यादव ने रिम्स में लालू प्रसाद से मुलाकात की। डेढ़ घंटे तक चली मुलाकात के बाद शरद यादव ने कहा कि बिहार में आगामी चुनाव की रणनीति पर लालू प्रसाद से बात हुई है। बिहार में महागठबंधन को लेकर कोई मतभेद नहीं है। वहीं पूर्व सांसद और बॉलिवुड अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने विपक्षी एकता को जरूरी बताया। कहा कि विपक्षी एकता मजबूत नहीं होगी तो दो बिल्ली की लड़ाई में बंदर को फायदा हो जाएगा। शरद यादव और शत्रुघ्न सिन्हा के अलावा राजद के महासचिव कमरे आलम ने भी लालू प्रसाद से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य का हाल जाना।
रांची में राष्ट्रीय रेस वाकिंग चैंपियनशिप से रेलवे की भावना ने किया ओलंपिक क्वालीफाई
राष्ट्रीय रिकॉर्ड के साथ रेलवे की भावना जाट ने टोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है। राजस्थान की रहने वाली भावना ने यह उपलब्धि शनिवार को रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित सातवीं राष्ट्रीय व तीसरी अंतरराष्ट्रीय वाकिंग रेस चैंपियनशिप में प्राप्त की। पुरुष वर्ग में सेना के संदीप कुमार 34 सेकेंड से क्वालीफाई करने से पीछे रह गए। दो दिवसीय रेस वाकिंग चैंपियनशिप का समापन कल यानि 16 फरवरी को होगा। पहली बार झारखंड इस चैंपियनशिप की मेजबानी कर रहा है।
बेहतर इलाज के लिए एम्स भेजे जाएंगे लालू प्रसाद
चारा घोटाला मामले के सजायाफ्ता लालू प्रसाद बेहतर इलाज के लिए एम्स भेजे जाएंगे। रिम्स के पेइंग वार्ड में लालू प्रसाद का इलाज कर रहे डॉ. डीके झा ने शनिवार को बताया कि लालू प्रसाद को बेहतर चिकित्सा के लिए नई दिल्ली के एम्स भेजा जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया की जा रही है। तबीयत पहले के जैसा ही है। लेकिन फिर भी सेकंड ऑपिनियन लेने में कोई हर्ज नहीं है, इसी कारण उन्हें एम्स भेजने की तैयारी चल रही है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि इस प्रक्रिया में 15 दिन से एक महीना लगे। इसके लिए सैद्धांतिक सहमति हुई है कि उन्हें एम्स भेजा जाना चाहिए।
झारखंड में बदलेगा मौसम का मिजाज, 20 को होगी हल्की बारिश
झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। 18 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयन क्षेत्र को प्रभावित करेगा। मौसम विज्ञानियों ने 20 फरवरी को रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है। इधर शुक्रवार को दिन भर तेज हवा चली। नतीजतन सड़क पर चल रहे लोगों को धूल का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. एसडी कोटाल ने बताया कि फिलहाल झारखंड के ऊपर कोई सिनोप्टिक तंत्र कारगर नहीं है। आगामी पांच दिनों तक आसमान साफ रहेगा।
राष्ट्र सेविका समिति की अखिल भारतीय कार्यकारिणी बैठक
राष्ट्र सेविका समिति की अखिल भारतीय कार्यकारिणी की तीन दिवसीय बैठक रांची के सरला बिरला विवि के कैंपस में शनिवार को शुरू हुई। इस बैठक में अखिल भारतीय प्रमुख संचालिका शांता अक्का, प्रमुख कार्यवाहिका अन्नदानम सीता गायत्री सहित केंद्रीय अधिकारी, सभी प्रांत की संचालिका, कार्यवाहिका, प्रचारिका भाग ले रही हैं। बैठक में सीएए के परिणाम, महिला सुरक्षा, आदि विषयों पर चर्चा हो रही है। तीन दिवसीय बैठक का उद्घाटन शनिवार को सुबह 9.30 बजे किया गया। कार्यक्रम का समापन सोमवार को होगा।