CM हेमंत सोरेन ने निशिकांत दुबे, फेसबुक और ट्विटर पर ठोका 100-100 करोड़ मानहानि का दावा
Jharkhand Political Updates अदालत ने सुनवाई के लिए अब 5 सितंबर की तिथि निर्धारित की है। इससे पहले 5 अगस्त को सुनवाई होनी थी।
रांची, जासं। झारखंड के मुखयमंत्री हेमंत सोरेन की ओर से गोड्डा के भाजपा सांसद निशिकांत दुबे, फेसबुक व ट्वीटर के खिलाफ 100-100 करोड़ रुपये मानहानि का दावा दर्ज कराया गया है। शनिवार को रांची के सिविल कोर्ट में इस शिकायतवाद पर सुनवाई होनी थी, लेकिन एक बार फिर यह सुनवाई अगली तारीख के लिए टल गई है। रांची सिविल कोर्ट की सब जज वन वैशाली श्रीवास्तव की अदालत ने इस मामले की सुनवाई के लिए पांच सितंबर की तिथि निर्धारित की है। इससे पहले पांच अगस्त को भी सुनवाई 22 अगस्त के लिए टली थी।
सांसद ने लगाए थे गंभीर आरोप
पिछले दिनों गोड्डा के सांसद निशिकांत दुबे ने लगातार फेसबुक और ट्वीटर के माध्यम से हेमंत सोरेन पर हमला बोला था। दुबे ने कहा था कि महाराष्ट्र में 2013 में एक महिला ने हेमंत सोरेन के खिलाफ दुष्कर्म का प्रयास और दुव्र्यवहार करने का आरोप लगाया था, जिसे पुलिस और पावर का इस्तेमाल करते हुए डरा-धमका कर मामला वापस लेने के लिए मजबूर किया गया। दुबे ने आरोप लगााने वाली महिला की हत्या की साजिश रचे जाने का भी आरोप लगाया था।
रांची सिविल कोर्ट में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चार अगस्त को इस मुद्दे पर शिकायतवाद दर्ज कराया था। सीएम ने सांसद निशिकांत दुबे के साथ-साथ फेसबुक और ट्वीटर को भी प्रतिवादी बनाया है। आवेदन में तीनों के खिलाफ 100-100 करोड़ रुपये की मानहानि का दावा किया गया है।