रांची में आज 11 केंद्रों पर लगेंगे टीके, कोरोना के आठ नए मरीज मिले
रांची में कोरोना के नए मामले लगातार सामने आ रहे हैं। शुक्रवार को आठ नए संक्रमित मिले। जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 99 हो गई है। 13 मरीज डिस्चार्ज हुए। अब तक रांची में कुल मरीज 85528 हो गए हैं। इसमें से 83841 मरीज ठीक हो चुके हैं।
रांची, जासं। झारखंड की राजधानी रांची में कोरोना के नए मामले लगातार सामने आ रहे हैं। टीकाकरण का कार्य चल रहा है। शुक्रवार को आठ नए संक्रमित मिले। जिले में एक्टिव मरीजों की संख्या 99 हो गई है। 13 मरीज डिस्चार्ज हुए। अब तक रांची में कुल मरीज 85528 हो गए हैं। इसमें से 83841 मरीज ठीक हो चुके हैं। महामारी को नियंत्रित करने के लिए टीकाकरण का कार्य जारी है। शनिवार को जिले के कुल 11 केंद्रों पर कोरोना की वैक्सीन दी जाएगी। इसमें से 10 केंद्र शहरी क्षेत्र में बनाए गए हैं। एक केंद्र ग्रामीण इलाके में बना है। सभी ग्यारह केंद्रों पर कोवैक्सीन की कुल 1600 डोज उपलब्ध कराई गई है। वहीं कोविशील्ड की बस 10 डोज उपलब्ध कराई गई है। कचहरी स्थित बंदोबस्त कार्यालय में लगे केंद्र पर कोवैक्सीन व कोविशील्ड दोनों टीके मुहैया कराए गए हैं। इसमें से छह केंद्र कार्यस्थल पर बनाए गए हैं।
यहां लगेंगे टीके
राज्य योग केंद्र, बंदोबस्त कार्यालय, मोबाइल वैन, नेपाल हाउस, विधानसभा, हाईकोर्ट, सदर अस्पताल, एजी कार्यालय, सीसीएल, रिम्स, बीआइटी मेसरा
रांची में लोग हुए जागरूक
राजधानी रांची में टीकाकारण को लेकर लोग पहले से कहीं अधिक जागरूक हो गए हैं। वैक्सीनेशन के लिए केंद्रों पर आने वाले लोगों के हुजूम को देखते हुए इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। प्रशासन की ओर से अब ग्रामीण इलाकों में ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीकाकरण के लिए जागरूक करने का कार्य किया जा रहा है। जिले में कुल करीब 23 लाख लोगों के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
चिकित्सकों की सलाह, टीकाकरण कराएं, सावधानी बरतें
कोरोना महामारी से बचाव को लेकर चिकित्सकों की ओर से लगातार लोगों को सलाह दी जा रही है। डा अभिषेक ने कहा कि लोगों को जल्द से जल्द टीकाकरण कराना चाहिए। इसके अलावा बीमारी को लेकर सावधानी कायम रखने की जरूरत है। मास्क का इस्तेमाल, शारीरिक दूरी के साथ साथ अपने हाथों को साफ रखें। बाहर से आने के बाद साफ सफाई का पूरा ध्यान रखें।