ISRO: इसरो के यूथ साइंटिस्ट बनेंगे झारखंड के तीन छात्र
Indian Space Research Organisation. मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील बर्णवाल की बेटी कक्षा नौंवी की छात्रा धृति बर्णवाल को भी युवा विज्ञानी के रूप में चुना गया है।
रांची, जासं। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र (इसरो) के संपर्क में आना या फिर इसके किसी कार्यक्रम में भाग लेना आज के युवाओं का सपना है। खासकर ग्रामीण क्षेत्र के किसी छात्र या छात्रा को यह मौका मिले तो और भी गर्व की बात है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान केंद्र (इसरो) के युवा विज्ञानी कार्यक्रम युविका में राज्य से तीन विद्यार्थी भाग लेंगे। इनमें से एक हैं दिल्ली पब्लिक स्कूल में कक्षा नौवीं की छात्रा धृति बर्णवाल।
धृति मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव सुनील बर्णवाल की बेटी है। इसके अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका उच्च विद्यालय धालभूमगढ़ (पूर्वी सिंहभूम) की मांतू पाणि व कस्तूरबा बालिका उच्च विद्यालय जरीडीह (बोकारो) रिंकी कुमारी भी शामिल हैं। कार्यक्रम दो सप्ताह तक चलेगा जिसमें धृति के साथ अन्य विद्यार्थियों को स्पेस टेक्नोलॉजी, स्पेस साइंस और स्पेस एप्लिकेशन के बारे में आधारभूत जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विज्ञान और प्रोद्यौगिकी के ट्रेंड्स से अवगत कराना है ताकि वह विज्ञान व अनुसंधान की ओर आकर्षित हो सके। छात्र-छात्राओं के आने-जाने, रहने और खाने का पूरा खर्च इसरो द्वारा दिया जाएगा। यह आयोजन गर्मियों की छुट्टी के दौरान होगा।