कागजी पेंच के कारण रांची एयरपोर्ट से उड़ान नहीं भर पाईं तीन नई फ्लाइटें Ranchi News
बिरसामुंडा एयरपोर्ट से अभी दिल्ली मुंबई हैदराबाद और बेंगलुरू के लिए कुल 10 फ्लाइटें उड़ान भर रही हैं। राज्य सरकार की तरफ से तीन नई फ्लाइटों के उड़ान भरने को हरी झंडी मिल चुकी है
रांची (जागरण संवाददाता) । कागजी पेंच के चलते रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से बुधवार को तीन नई फ्लाइट उड़ान नहीं भर सकीं। एयरपोर्ट के अधिकारियों का कहना है कि यह फ्लाइट शुक्रवार तक उड़ान भरने लगेंगी। इन फ्लाइटों के उड़ान भरना शुरू होने के बाद रांची एयरपोर्ट से उड़ानों की संख्या बढ़ कर 13 हो जाएगी। अभी बिरसामुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरू के लिए 10 उड़ानें हैं। राज्य सरकार की तरफ से इन तीन नई फ्लाइटों के उड़ान भरने को हरी झंडी मिल चुकी है। लेकिन एयरपोर्ट पर कागजी प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाने के चलते बुधवार को यह फ्लाइट उड़ान नहीं भर सकीं। गौरतलब है कि रांची एयरपोर्ट ने राज्य सरकार से हैदराबाद के लिए एक और मुंबई के लिए दो फ्लाइट बढ़ाने की अनुमति मांगी थी।
राज्य सरकार ने यह अनुमति दे दी है। गो एयर एक फ्लाइट मुंबई के लिए और एक हैदराबाद के लिए चलाएगा। जबकि इंडिगो एक फ्लाइट मुंबई के लिए चलाएगा। इन फ्लाइटों को बुधवार से उड़ान भरना था। लेकिन कुछ कागजी प्रक्रिया बाकी रह जाने की वजह से बुधवार से फ्लाइटों का उड़ान भरना शुरू नहीं हो सका। गौरतलब है कि बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से अभी 10 फ्लाइट उड़ान भरती हैं। इनमें से हैदराबाद के लिए एक, मुंबई के लिए दो, बेंगलुरु के लिए दो और दिल्ली के लिए पांच फ्लाइटें रोज उड़ान भरती हैं। नई फ्लाइट के उड़ान भरना शुरू करने के बाद हैदराबाद के लिए दो और मुंबई के लिए चार फ्लाइट हो जाएगी।
एयरपोर्ट पर आने वाले मुसाफिरों का होगा रैपिड एंटीजन टेस्ट
अब हवाई मार्ग के चलते से रांची आने वाले सभी मुसाफिरों का रैपिड एंटीजन टेस्ट कराया जाएगा इसके लिए रांची हवाई अड्डे पर बुधवार से ही राज्य सरकार ने रैपिड एंटीजन टेस्ट की प्रक्रिया शुरू कर दी है बुधवार को रांची एयरपोर्ट पर बाहर से जितने भी मुसाफिर आए हैं सबका रैपिड एंटीजन टेस्ट कराया गया है रिपीट एंटीजन टेस्ट कराने के बाद ही मुसाफिरों को एयरपोर्ट से बाहर निकलने की अनुमति है। एयरपोर्ट के निदेशक विनोद शर्मा ने बताया की रैपिड एंटीजन टेस्ट की रिपोर्ट 5 घंटे में आ जाती है टेस्ट करते समय ही मुसाफिर का नंबर ले लिया जाता है अगर रिपोर्ट पॉजिटिव आई तो उसे मोबाइल के जरिए सूचना दे दी जाती है और इसके बाद प्रशासन के अधिकारी मुसाफिर के घर जाकर जांच करेंगे कि उसे हॉस्पिटल में भर्ती कराना है या फिर आइसोलेशन में रखना है।
रोज मिल जा रहे टिकट
अभी बिरसामुंडा एयरपोर्ट से मुंबई, दिल्ली, हैदराबाद व बेंगलुरू जाने के लिए आसानी से टिकट मिल रहे हैं। अगर कोई भी उसी दिन टिकट करना चाहता है तो उसे मुंबई और दिल्ली के लिए शाम की फ्लाइट में टिकट मिल रहे हैं। एयरपोर्ट के अधिकारियों का कहना है कि पहले तो मुंबई, दिल्ली और बेंगलुरू जाने वाले मजदूरों की संख्या अधिक होती थी। वहां के कारोबारी एक विमान में 70 से 80 सीटें बुक कर लेते थे। मगर, अभी इधर मजदूरों की बुकिंग नहीं है। लेकिन, लोग काम के सिलसिले से हवाई जहाज के जरिए मुंबई जा रहे हैं। पहले विमान खाली जा रहे थे। मगर अब कमोबेश विमान की सभी सीटें फुल जा रही हैं।