रांची में मिनी गन फैक्ट्री का खुलासा, हथियार के साथ तीन गिरफ्तार
Mini Gun Factory in Ranchi. माैके से पुलिस ने भारी संख्या में बैरल ड्रिल मशीन और लेथ मशीन भी बरामद किया है।
रांची, जासं। लोकसभा चुनाव से पहले विधि-व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटी रांची पुलिस को शुक्रवार को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शहर में मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन करते हुए 2 हथियार तस्कर और एक हथियार सप्लायर को गिरफ्तार किया है। माैके से पुलिस ने भारी संख्या में बैरल, ड्रिल मशीन और लेथ मशीन भी बरामद किया है। एसएसपी अनिश गुप्ता ने बताया कि इन अपराधियों के पास से 3 देशी कट्टा, 8 जिंदा कारतूस और कई अर्धनिर्मित पिस्टल भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार किए गए अपराधी के बारे में बताया गया कि वह पूर्व में उग्रवादी संगठन पीएलएफआइ का सदस्य था। बाद में वह पीएलएफआइ छोड़ आर्म्स सप्लायर बन गया। पुलिस के मुताबिक ये अपराधी अवैध तरीके से हथियार बनाकर रांची, खूंटी, लोहरदगा, गुमला सहित कई जगहों पर सप्लाई करते थे। एसएसपी ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इन अपराधियों से पूछताछ की जानकारी दी।