एजी कालोनी के पास पीपल का पेड़ काटते तीन धराए, तीन फरार
एजी कॉलोनी रोड स्थित समृद्धि शापिग सह आवासीय काम्पलेक्स के सामने सरकारी जमीन पर पेड़ काटे गए
जासं, रांची : एजी कॉलोनी रोड स्थित समृद्धि शापिग सह आवासीय काम्पलेक्स के सामने सरकारी जमीन पर अवस्थित एक पीपल का पेड़ काट दिया गया। यह पेड़ काफी पुराना था और यहां के आसपास के लोगों द्वारा पेड़ की पूजा अर्चना भी की जाती थी। इसे बिना सरकारी इजाजत के ही काट दिया गया है। पेड़ काट रहे तीन लोगों को वन विभाग के कर्मियों ने हिरासत में ले लिया। उसके बाद तीनों अभियुक्तों से पूछताछ की गई। जिसके बाद तीनों को जेल भेज दिया गया। जेल भेजे जाने वालों में प्रकाश महतो, पिता आसाराम महतो, रगड़ाबडांग, थाना तमाड़, जिला रांची, सेवाराम महतो, पिता दानी महतो, ग्राम डेरो, थाना तमाड़ व गरमु सेठ, पिता नीलकमल सेठ, जेगो, थाना तमाड़, जिला रांची शामिल हैं। तीनों गिरफ्तार अभियुक्तों ने बताया कि पेड़ को समृद्धि शापिग सह आवासीय काम्पलेक्स के तीन बिल्डरों की देखरेख में कटवाया जा रहा था। बिल्डर के कहने पर ही तीनों काट रहे थे। पेड़ को काट कर बोटा बनाकर लोड किया जा रहा था। उसी दौरान वन विभाग के गश्ती दल ने पकड़ा।
टिबर डिपू प्रक्षेत्र रांची के प्रभारी वनपाल मनीष कुमार गुप्ता के द्वारा वन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत सभी अभियुक्तों पर केस दर्ज किया गया है। पेड़ के काटे जाने पर आसपास के लोगों में काफी आक्रोश देखा गया। वन विभाग की कार्रवाई के बाद लोगों में काफी खुशी है। इस मामले में मुख्य अभियुक्त समृद्धि शापिग सह आवासीय काम्पलेक्स के बिल्डर आनंद दास, पिता इंदर नाथ दास, हाउस नंबर 27 न्यू एजी को-आपरेटिव कालोनी कडरू, दूसरा आशु गिरि, पता हाउस नंबर 80, न्यू एजी कॉपरेटिव कालोनी कडरू व तीसरा प्रबल सिन्हा, पता जानकी स्टील हाउस नंबर 8, एजी कॉपरेटिव कालोनी कडरू को बनाया गया है। अभियुक्तों की खोज पड़ताल की जा रही है।