कोरोना की तीसरी लहर में सबसे ज्यादा प्रभावित झारखंड के ये जिले, देखें सूची
Hazaribagh News यदि राज्य सरकार के द्वारा जारी आंकडों पर नजर डाला जाए तो पता चलता है कि राज्य में सर्वाधिक पॉजिटिविटी रेट हजारीबाग का ही है। जिला आइडीएसपी से मिली जानकारी के अनुसार कोरोना संक्रमण को लेकर अब तक जिला में 765507 संदिग्धों की जांच की जा चुकी है।
हजारीबाग, जागरण संवाददाता। वैश्विक महामारी कोविड 19 के नए वैरिएंट ओमीक्रॉन के कारण जिले में एक बार फिर कोरोना संक्रमितों की संख्या काफी तेजी से बढ रही है। राजधानी रांची एवं जमशेदपुर के बाद राज्य में सर्वाधिक संक्रमित मरीज हजारीबाग जिला में ही मिल रहे हैं।
हजारीबाग में सबसे ज्यादा पॉजिटिविटी रेट
वहीं यदि राज्य सरकार के द्वारा जारी आंकडों पर नजर डाला जाए तो पता चलता है कि राज्य में सर्वाधिक पॉजिटिविटी रेट हजारीबाग का ही है। जिला आइडीएसपी से मिली जानकारी के अनुसार कोरोना संक्रमण को लेकर अब तक जिला में 7,65,507 संदिग्धों की जांच की जा चुकी है। इसमें से 21,932 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। संक्रमितों में इलाज के बाद 19,750 लोग स्वस्थ्य हो चुके हैं। जबकि अब तक 189 लोगों की कोरोना संक्रमण के कारण मौत हो चुकी है।
तीसरी लहर में रांची सबसे ज्यादा प्रभावित
वहीं कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर में अब तक राजधानी रांची में सर्वाधिक 12,500 लोग संक्रमित पाए गए हैं। वहीं दूसरा स्थान जमशेदपुर का आता है, जहां 7,341 लोग संक्रमित पाए गए हैं। जबकि 1933 संक्रमितों के साथ राज्य में हजारीबाग का स्थान तीसरा है। लेकिन यदि कोरोना संक्रमण की पॉजिटिविटी रेट की बात करें तो हजारीबाग जिला राज्य में अव्वल है। रांची में जहां पॉजिटिविटी रेट 10.31 प्रतिशत है, वहीं जमशेदपुर का पॉजिटिविटी रेट 5.61 प्रतिशत है, जबकि हजारीबाग का पॉजिटिविटी रेट सर्वाधिक 13.75 प्रतिशत है। हालांकि राहत की बात यह है कि कोरोना संक्रमण इस तीसरी लहर में अब तक दो संक्रमितों की मौत हुई है। वहीं विगत दो लहरों में जिला में 187 लोगों की मौत हुई थी।