डोरंडा मामले में गवाही, जिस वाहन का मांगा विवरण; वह दोपहिया का था नंबर
चारा घोटाला मामले में पंजाब स्थित राजपुरा के एसडीएम सह वाहन निबंधन पदाधिकारी रघुवीर सिंह ने गवाही दी।
जागरण संवाददाता, रांची। डोरंडा कोषागार से अवैध निकासी से संबंधित चारा घोटाला मामले में गुरुवार को पंजाब स्थित राजपुरा के एसडीएम सह वाहन निबंधन पदाधिकारी रघुवीर सिंह ने गवाही दी। गवाही सीबीआइ के विशेष न्यायाधीश प्रदीप कुमार की अदालत में दर्ज की गई। उन्होंने सीबीआइ एसपी रांची को भेजे गए पत्र व उसके साथ वाहन संबंधित रजिस्टर की पहचान की। गवाही सीबीआइ के विशेष लोक अभियोजक बीएमपी सिंह ने दर्ज कराई।
गवाही के दौरान मामले से जुड़े बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा में बंद अभियुक्तों की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से हुई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में अभियुक्तों की मौजूदगी में रघुवीर सिंह की गवाही दर्ज की गई। गवाही में उन्होंने कहा कि उनके पूर्व के पदाधिकारी द्वारा सीबीआइ के एसपी ने वाहन का विवरण मांगा था। जिस वाहन का विवरण मांगा गया था, वह दोपहिया वाहन है। जिसका विवरण वाहन निबंधन पंजी में अंकित है।
इस मामले में सीबीआइ की ओर से एक और गवाह रूप में पंजाब स्थित नौकरान के आइएएस ऑफिसर को आना था, लेकिन उन्होंने अपनी व्यस्तता होने की वजह से आने में असमर्थता जताई। उन्होंने अनुरोध किया कि वह गवाही देने के लिए बाद में आएंगे। उनके अनुरोध पर सीबीआइ के विशेष लोक अभियोजक बीएमपी सिंह ने अदालत से अनुरोध कर 10 अप्रैल, 2018 का समन लिया है। अभियुक्त बेक जूलियस की ओर से गवाह से जिरह किया गया।