Move to Jagran APP

Tejashwi Yadav: रांची में तेजस्वी यादव बोले, झारखंड में दोबारा सत्ता में नहीं आएगी भाजपा

Tejashwi Yadav Bihar Politics RJD Jharkhand बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्‍वी यादव ने दल के पुराने नेताओं-कार्यकर्ताओं को संगठन से फिर से जोड़ने का राजद नेताओं को टास्क सौंपा। कहा कि झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Sun, 19 Sep 2021 08:54 PM (IST)Updated: Sun, 19 Sep 2021 09:01 PM (IST)
Tejashwi Yadav: रांची में तेजस्वी यादव बोले, झारखंड में दोबारा सत्ता में नहीं आएगी भाजपा
Tejashwi Yadav, Bihar Politics, RJD Jharkhand बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्‍वी यादव।

रांची, राज्य ब्यूरो। राजद के वरीय नेता और बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को दल के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आश्वस्त किया कि झारखंड में भाजपा सत्ता से बाहर चली गई है और फिर लौटकर नहीं आएगी। इसी के साथ उन्होंने राजद के पुराने साथियों की घर वापसी कराने का निर्देश भी नेताओं को दिया और कहा कि यह कार्यकर्ता सम्मेलन पार्टी को मजबूत करने के लिए है। झामुमो और कांग्रेस के साथ शासन में रहते हुए यह कार्यक्रम पार्टी की मजबूती के लिए है।

loksabha election banner

हम चाहते हैं कि हमारे गठबंधन दल झामुमो और कांग्रेस भी मजबूत रहें, ताकि इससे राजद को भी मजबूती मिले। यही कारण है कि राजद ने बंगाल के चुनाव में ममता बनर्जी का साथ दिया। उन्होंने राजद प्रमुख लालू यादव का संदेश गांव-गांव पहुंचाने का टास्क भी नेताओं को दिया। तेजस्वी यादव ने हाल में ही झारखंड विधानसभा में सत्र के दौरान चले गतिरोध पर भी चुटकी ली। कहा कि भाजपा धार्मिक उन्माद फैलाकर लाभ लेना चाहती है। विधानसभा परिसर में हनुमान चालीसा पढ़ने के लिए जगह मांगने की बात पर उन्होंने कहा कि भाजपा के नेताओं से पूछा जाना चाहिए कि आजकल कहां पर हनुमान चालीसा पढ़ रहे हैं।

भाजपा के लिए मुद्दा मंदिर, मस्जिद, पाकिस्तान, तालिबान और लव जिहाद हो सकते हैं, लेकिन हमारे लिए मुद्दा महंगाई, कमाई, दवाई, सिंचाई आदि है। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हमें विचारधारा की लड़ाई लड़कर संगठन को बढ़ाना है। कांग्रेस और झामुमो बढ़ेंगे तो हम भी मजबूत होंगे। इस दौरान प्रदेश राजद प्रभारी जयप्रकाश यादव, मंत्री सत्यानंद भोक्ता, प्रदेश अध्यक्ष अभय सिंह, संजय सिंह यादव, सुभाष यादव, राधाकृष्ण किशोर, सुरेश पासवान, संजय प्रसाद, अनीता यादव, मुकुंद नायक आदि मौजूद थे।

महंगाई डायन थी, भौजाई हो गई है

भाजपा पर चुटकी लेते हुए तेजस्वी ने कहा कि महंगाई डायन गाना गानेवाले भाजपा नेताओं के लिए अब यह महंगाई महबूबा और भौजाई हो गई है। केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों में बढ़ोतरी तो कर ही दी, देश की संपत्ति भी बेच रही है। भाई से भाई को लड़ाने पर भाजपा तुली हुई है। भाजपा ने बहुत कोशिश की लालू यादव को झुकाने की, लेकिन वे नहीं झुके। कार्यकर्ताओं से उन्होंने आग्रह किया कि कहीं भी एमवाई जैसे नारे न लगाएं और किसी वर्ग से खुद को न जोड़ें। राजद ए टू जेड की पार्टी है। हम गोडसे की विचारधारा से लड़ रहे हैं।

झारखंड के साथ सौतेला व्यवहार

तेजस्वी यादव ने कहा कि झारखंड पूरे देश को खनिज उपलब्ध कराता है, लेकिन झारखंड को बदले में क्या मिल रहा। केंद्र सरकार उसी प्रकार सौतेला व्यवहार कर रही है, जैसा कि सत्ता में राजद के रहते हुए बिहार के साथ किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि जब तक पुराना बिहार (बिहार, झारखंड और ओडिशा को जोड़कर) विकसित नहीं होता, तब तक देश का विकास नहीं होगा। कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि भाजपा के लोगों से जाकर पूछिए कि अच्छे दिन आए क्या। झारखंड को अपना पुराना घर बताते हुए तेजस्वी ने यह भी कहा कि यहां से वे रणजी भी खेल चुके हैं एवं यहां के सभी प्रमंडलों से परिचित भी हैं। उन्होंने हर विधानसभा में महीने में दो दिन समय देने की बात भी दोहराई।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.