15वें वित्त आयोग की अनुशंसा को धरातल पर उतारने के लिए जिले में बनी टीम Ranchi News
15वें वित्त आयोग की अनुशंसा को देखते हुए शहर में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए स्थानीय सरकार को सशक्त बनाने के लिए जिला स्तरीय टीम का गठन किया गया है। नगर निगम की तरफ से अधिकारी के तौर पर सहायक नगर आयुक्त ज्योति कुमार सिंह को तैनात किया गया।
रांची, जासं । 15वें वित्त आयोग की अनुशंसा को देखते हुए शहर में स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए स्थानीय सरकार को सशक्त बनाने के लिए जिला स्तरीय टीम का गठन किया गया है। इस जिला स्तरीय समिति में नगर निगम की तरफ से अधिकारी के तौर पर सहायक नगर आयुक्त ज्योति कुमार सिंह को तैनात किया गया है। इसके अलावा जनप्रतिनिधि के तौर पर वार्ड नंबर 26 के पार्षद अरुण झा को नामित किया गया है। यह समिति रांची शहर में स्वास्थ्य सुविधाओं को बढ़ाने की कवायद में मदद करेगी।
केंद्रीय बजट में प्राथमिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में आ रहे गैप को पाटने के लिए सेक्टर स्पेसिफिक ग्रांट की मंजूरी दी गई थी। 15वें वित्त आयोग ने अनुशंसा की थी कि शहर में स्वास्थ्य सेवाओं को उत्तम बनाने के लिए नगर निकायों को भी शामिल किया जाए। इसी को देखते हुए जिला स्तरीय कमेटी बनाई गई है। राष्ट्रीय स्तर पर भी इस कमेटी का गठन किया गया है। राज्य स्तरीय समिति का भी गठन हो चुका है। राज्य स्तरीय समिति के अध्यक्ष मुख्य सचिव हैं। जिला स्तरीय समिति का भी गठन हुआ है। इसमें जिला स्तरीय अधिकारी के अलावा नगर निगम के एक अधिकारी और एक जनप्रतिनिधि को रखा जाना था।
इसी सिलसिले में सहायक नगर आयुक्त ज्योति कुमार सिंह को नगर निगम की तरफ से अधिकारी के तौर पर और वार्ड पार्षद अरुण झा को सदस्य के तौर पर रखा गया है। जिला स्तरीय समिति के अध्यक्ष उपायुक्त हैं। सिविल सर्जन को इसका संयोजक बनाया गया है। पंचायती राज विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी इसके सदस्य हैं। यह समिति शहर में स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी करेगी। कोरोना की तीसरी लहर की आशंका को देखते हुए। इस समिति का गठन काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।