रांची विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव, वोट देने के लिए लगी हैं लंबी कतारें-हंगामा
रांची विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव के लिए पीजी विभागों सहित सभी 16 कॉलेजों में मतदान के लिए 182 बूथ बनाए गए हैं। डोरंडा कॉलेज में सर्वाधिक 36 बूथ बने हैं।
रांची, जासं। रांची विवि के पीजी विभाग सहित 16 कॉलेजों में छात्र संघ चुनाव शुरू हो गया है। यहां वोट देने के लिए छात्रों की लंबी कतारें लगी हैं। सोमवार सुबह से ही प्रत्याशियों सहित वोटर छात्रों में चुनाव को लेकर गहमागहमी देखी जा रही है। इस बार छात्र संघ चुनाव में 367 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला 1 लाख 13 हजार मतदाता कर रहे हैं।
इस चुनाव में नोटा का विकल्प भी आजमाया जा रहा है। चुनाव में कुल 80 प्रत्याशी जीतकर छात्रों का प्रतिनिधित्व करेंगे। चुनाव के क्रम में तीन प्रत्याशियों का निर्विरोध चयन हो गया है। हालांकि इसकी औपचारिक घोषणा बाकी है। रांची विश्वविद्यालय विभाग के छात्र चुनाव में शामिल होने के लिए रांची नगर निगम की महापौर आशा लकड़ा भी पहुंची हैं। जिन्हें वोटर लिस्ट में नाम नहीं होने के कारण मतदान से रोक दिया गया। इधर एनएसयूआइ से जुड़े छात्रों ने मेयर के बॉडीगार्ड के साथ आने पर कैंपस में जमकर हंगामा किया।
दरअसल इनके विरोध में एक भी प्रत्याशी मैदान में नहीं हैं। निर्विरोध चुनाव जीतने वालों में सिमडेगा कॉलेज के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी संदीप कुमार, जेएन कॉलेज धुर्वा के सचिव पद के अरुण कुमार व इसी कॉलेज के उप सचिव पद के प्रत्याशी दीप्ति तिग्गा शामिल हैं।
बनाए गए हैं 182 बूथ : डीएसडब्ल्यू डॉ. पीके वर्मा ने बताया कि पीजी विभागों सहित सभी 16 कॉलेजों में मतदान के लिए 182 बूथ बनाए गए हैं। सबसे अधिक 36 बूथ डोरंडा कॉलेज में तो सबसे कम केवल एक बूथ आरटीसी है। पीजी विभाग और पीपीके कॉलेज बुंडू में 18-18 बूथ बनाए गए हैं। जिस मतदाता के पास परिचय पत्र नहीं है वे फोटोयुक्त अन्य मान्य पहचान पत्र दिखाकर मतदान कर रहे हैं।