बाथरूम में छात्र का पैर फिसला, ब्रेन हैमरेज से हुई मौत Chatra News
शक्ति मंगलवार की सुबह सात बजे चाय पीने के बाद शौच के लिए बाथरूम गया। शौचालय का दरवाजा बंद करते हुए उसका पैर फिसल गया और गिर गया।
रांची, जासं। राजधानी में एक स्नातक के छात्र की मौत ब्रेन हैमरेज से हो गयी। बाथरूम में दरवाजे की कुंडी लगाने के दौरान वह फिसल कर गिर पड़ा था। घटना के तुरंत बाद परिजन उसे इलाज के लिए सेवा सदन ले गए। लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र का नाम शुभम उर्फ शक्ति है। वह माता-पिता के साथ रांची में रह कर स्नातक की पढ़ाई करता था।
चतरा सदर प्रखंड के गंधरीया पंचायत के अमडीहा गांव निवासी सुनील मिश्रा के बीस वर्षीय पुत्र शुभम कुमार मिश्रा उर्फ शक्ति की मौत ब्रेन हैमरेज से हो गई। सुनील बच्चों की पढ़ाई लिखाई के लिए पत्नी एवं दो बच्चों के साथ रांची स्थित जयप्रकाश नगर में रह रहे थे। यह घटना रांची में ही हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार शुभम उर्फ शक्ति मंगलवार की सुबह सात बजे चाय पीने के बाद शौच के लिए बाथरूम गया। शौचालय का दरवाजा बंद करते हुए उसका पैर फिसल गया और गिर गया। उसके बाद वह दो बार बचाओ-बचाओ चिल्लाया। आवाज सुनकर कैंपस में रह रहे लोगों नें तत्परता दिखाते हुए दरवाजे का सिटकनी को खोलकर शक्ति को बाहर निकाला। स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत इलाज के लिए सेवा सदन ले गए। चिकित्सकों ने देखते हुए उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक का शव रांची से चतरा आने की तैयारी की जा रही थी। ऐसी उम्मीद है कि दोपहर के दो से तीन बजे तक शव पैतृक गांव पहुंच जाएगा और चार से पांच बजे तक उसका अंतिम संस्कार कर दिया जाएगा। शक्ति रांची के मारवाड़ी कॉलेज में स्नातक कर रहा था। डीएवी शिक्षा दीप स्कूल से मैट्रिक की सीबीएसई परीक्षा में टेन सीजीपी प्राप्त किया था। शक्ति के पिता इसी स्कूल में कार्यरत हैं।