गढ़वा में सड़क दुर्घटना में बेटे की मौत, पिता घायल Garhwa News
Jharkhand. घटना के बाद दूसरे मोटरसाइकिल का सवार वहां से फरार हो गया। घटनास्थल के आसपास के लोगों की मदद से घायल पिता-पुत्र को सदर अस्पताल पहुंचाया गया।
गढ़वा, जासं। गढ़वा जिले के गढ़वा- मझिआंव सड़क पर मेराल थाना क्षेत्र के दलेली गांव के समीप सड़क दुर्घटना में अरविंद पासवान 26 वर्ष की मौत हो गई। जबकि मृतक का पिता राम बचन पासवान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के अनुसार बुधवार की देर शाम मेराल थाना क्षेत्र के बौराहा गांव निवासी अरविंद पासवान अपने पिता राम बचन पासवान के साथ मोटरसाइकिल से गढ़वा से अपने गांव लौट रहा था।
इस दौरान दलेली गांव के समीप सामने से आ रहे मोटरसाइकिल सवार ने अरविंद की मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इससे अरविंद व उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद दूसरे मोटरसाइकिल का सवार वहां से फरार हो गया। घटनास्थल के आसपास के लोगों की मदद से घायल पिता-पुत्र को सदर अस्पताल पहुंचाया गया। यहां परीक्षण के बाद चिकित्सक ने अरविंद को मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर उसके परिजनों को सौंप दिया।