मूक बधिर युवक ने इशारे से अपराधी को पकड़वाया, मोबाइल लूटकर हो गया था फरार Ranchi News
Jharkhand News गुरुवार की शाम चार बजे वह काम खत्म कर अपने घर जा रहा था। श्रेया इनक्लेव गली के पास जैसे ही मनोरंजन पहुंचा पहले से उस गली में मौजूद आरोपित इरशाद ने उसे रोक लिया। उसके हाथ से मोबाइल लूट लिया।
रांची, जासं। राजधानी रांची के बरियातू पुलिस ने घटना के पांच घंटे के भीतर मूक बधिर युवक से मोबाइल लूटने वाले आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपित इरशाद खान हिल व्यू बरियातू का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपित के पास से लूटा हुआ मोबाइल भी बरामद कर लिया है। जानकारी के अनुसार बूटी पानी टंकी के पास रहने वाला मनोरंजन महतो बरियातू पहाड़ के समीप काम करता था।
वह मूक बधिर है। किसी को पहुंचाने के लिए मोबाइल साथ में रखा था। गुरुवार की शाम चार बजे वह काम खत्म कर अपने घर जा रहा था। श्रेया इनक्लेव गली के पास जैसे ही मनोरंजन पहुंचा, पहले से उस गली में मौजूद आरोपित इरशाद ने उसे रोक लिया। उसके हाथ से मोबाइल लूट लिया। इसके बाद वह फरार हो गया। हालांकि आसपास में मौजूद लोगों को मनोरंजन बता नहीं सका।
सिर्फ इशारों से ही मोबाइल छिनने की बात लोगों को बताई। स्थानीय लोगों की सूचना पर बरियातू थाना के पीएसआइ अंजन कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आसपास के लोगों से आरोपित के हुलिया की जानकारी ली। गुप्तचरों की मदद से पुलिस की टीम ने रात नौ बजे आरोपित को उसके घर से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपित ने पुलिस के समक्ष अपना जुर्म भी स्वीकार कर लिया है।