Special Train: 1125 यात्रियों को लेकर बेंगलुरु से कोडरमा पहुंची श्रमिक स्पेशल, हजारीबाग के हैं सर्वाधिक यात्री
Shramik Special Train. ट्रेन में सर्वाधिक यात्री हजारीबाग जिले के हैं। इन्हें 12 बसों के जरिए हजारीबाग रवाना किया जा रहा है।
कोडरमा, जासं। कोडरमा जिले में श्रमिक स्पेशल ट्रेनों का लगातार आना जारी है। रविवार की सुबह बेंगलुरु से झारखंड के विभिन्न जिलों के 1125 यात्रियों को लेकर श्रमिक स्पेशल ट्रेन कोडरमा पहुंची। इन्हें कुल 58 बसों के जरिए झारखंड के विभिन्न जिलों में भेजा जा रहा है। यह ट्रेन करीब 10 घंटे विलंब से पहुंची। ट्रेन से उतरने के बाद यात्रियों को कोडरमा स्टेशन परिसर में बने स्वास्थ्य विभाग के काउंटर पर स्क्रीनिंग कराकर लंच के पैकेट के साथ उन्हें संबंधित जिलों के बसों में बैठाकर रवाना किया जा रहा है।
इस कार्य में कोडरमा के अपर समाहर्ता अनिल तिर्की, एसडीओ विजय वर्मा, तिलैया थाना प्रभारी राम नारायण ठाकुर समेत जिले के अन्य वरीय अधिकारी व सैकड़ों कर्मचारी लगे हुए हैं। ट्रेन में सर्वाधिक यात्री हजारीबाग जिले के हैं। इन्हें 12 बसों के जरिए हजारीबाग रवाना किया जा रहा है। वहीं अन्य जिलों से भी बसों में आए नोडल पदाधिकारी अपने-अपने जिले के यात्रियों को लेकर जाने की तैयारी में जुटे हैं।