Road Accident: रांची रिंग रोड पर भीषण सड़क हादसा, अब तक 4 की मौत
Road Accident in Ranchi. रांची में रिंग रोड पर शनिवार को हुए सड़क हादसे में बोलेरो और ट्रक की सीधी टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई।
रांची, राज्य ब्यूरो। रांची के नामकुम रिंग रोड में भीषण सड़क हादसे में बुरी तरह से घायल कोयनी देवी की रिम्स में रविवार को मौत हो गई। इस हादसे में मरने वालों की संख्या चार हो गई है। देर रात डेढ़ बजे अस्पताल के न्यूरो वार्ड में इलाजरत कोयनी ने दम तोड़ा। इस हादसे में बीते दिन तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। रिंग रोड पर तेज रफ्तार बोलेरो व ट्रक में भिड़ंत में आधा दर्जन लोग बुरी तरह जख्मी हो गए थे। तब इस हादसे में दो लोगों की घटनास्थल व एक की रिम्स ले जाने के क्रम में मौत हो गई। अब भी सभी पांच घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। घायलों में एक चार साल का बच्चा भी शामिल है। हादसे में मृतक एवं घायल दूल्हा-दुल्हन को लाने बोलेरो से बुंडू जा रहे थे।
नामकुम थाना क्षेत्र में सरवल के समीप रिंग रोड पर शनिवार की दोपहर करीब 1.45 बजे तेज रफ्तार बोलेरो व ट्रक में सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। इस हादसे में बोलेरो के चालक सहित तीन की मौत हो गई, जबकि अन्य छह गंभीर रूप से घायल हैं। इनकी हालत नाजुक बनी हुई है। इनका इलाज रिम्स में चल रहा है। सभी चान्हो थाना क्षेत्र के पीपराटोली ताला व कदमटोली गांव के रहने वाले हैं। घटना की सूचना पाकर चान्हो व बुंडू से रिश्तेदार रिम्स पहुंचे गए हैं। सभी परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल है। परिजन ने ही सभी घायलों व मृतकों की पहचान की।
दूल्हा-दुल्हन को लाने के लिए बुंडू जा रहे थे परिजन
चान्हो के पीपराटोली गांव निवासी अनिल उरांव की शादी 16 अप्रैल को बुंडू के उरांव टोली की लड़की से हुई थी। शादी के बाद परंपरा के अनुसार दूल्हा बुंडू में दुल्हन के घर पर था। दूल्हा-दुल्हन को लाने के लिए दूल्हे के परिजन बोलेरो से सुबह करीब 12 बजे बुंडू के लिए निकले थे। दोपहर करीब पौने दो बजे बोलेरो तुपुदाना से ङ्क्षरग रोड पर नामकुम की तरफ बढ़ी, बोलेरो की रफ्तार तेज थी। ङ्क्षरग रोड पर मरम्मत कार्य चल रहा था, जिसके चलते वन वे पर गाडिय़ां चल रही थीं।
सरवल में रांची-टाटा मार्ग से एक किलोमीटर पहले रिंग रोड पर सूरज होटल के सामने दूसरी तरफ से आ रहे ट्रक से बोलेरो की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उसकी आवाज आसपास के गांवों तक सुनाई दी। सभी ङ्क्षरग रोड की ओर दौड़े और इसकी सूचना नामकुम पुलिस को दी। मौके पर तीन एंबुलेंस पहुंचे। घटनास्थल पर ही बोलेरो के चालक गुलजार व दूल्हे सुनील की मौसी अंगनी उराईन की मौत हो गई। उन्हें एक एंबुलेंस से नामकुम थाने ले जाया गया। वहीं, सात घायलों को रिम्स ले जाया गया, जहां रिम्स में दूल्हे की पड़ोसन सुनीता उराईन की भी मौत हो गई।
अपनी बहन की बोलेरो चलाता था गुलजार
घटना में मृत बोलेरो का चालक गुलजार अंसारी अपनी बहन सैदुन बीवी की बोलेरो भाड़े पर चलाता था। सैदुन बीवी चान्हो थाना क्षेत्र के ही सुकुरहुट्टू गांव की रहने वाली है। घटना की सूचना मिलते ही सैदुन का रो-रोकर हाल बेहाल था। वह बार-बार बेहोश हो रही थी। गुलजार चार भाई-बहन में सबसे छोटा था।
रिम्स में हुआ सिर्फ दो शवों का पोस्टमार्टम
नामकुम हादसे में घटनास्थल पर ही बोलेरो के चालक गुलजार अंसारी व दूल्हे की मौसी अंगनी उराईन की मौत हो गई थी। दोनों शवों को नामकुम पुलिस सीधे रिम्स भेजा था। रिम्स में दोनों शवों का पोस्टमार्टम हुआ। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजन को सौंप दिए गए हैं। तीसरी मृतक सुनीता उराईन के शव का अभी पोस्टमार्टम नहीं हुआ है।
जिनकी मौत हुई है
- गुलजार अंसारी : बोलेरो का चालक। उम्र 30 वर्ष। ग्राम पीपराटोली ताला, चान्हो, रांची।
- अंगनी उराईन : उम्र 28 वर्ष, पीपराटोली ताला। दूल्हे की मौसी।
- सुनीता उराईन : उम्र 35 वर्ष, ग्राम पीपराटोली ताला, चान्हो। दूल्हे की पड़ोसन।
जो घायल हैं
- पुनिया उराईन : दूल्हे की मां। उम्र 45 वर्ष, पति स्व. सोमे उरांव, ग्राम पीपराटोली ताला, चान्हो, रांची।
- पार्वती उराईन : उम्र 60 वर्ष, दूल्हे की दादी।
- सुनील उरांव : उम्र 22 वर्ष। दूल्हे का भाई।
- कोइली उराईन : ग्राम कदमटोली, चान्हो। दूल्हे की नानी।
- गंदरू उरांव : उम्र 46 साल। पीपराटोली ताला, चान्हो। दूल्हे का पड़ोसी।
- आर्यन उरांव : उम्र चार वर्ष, दूल्हे की मौसी अंगनी उराईन का बेटा है।