देश की सुरक्षा है चुनाव में युवाओं का मुद्दा
देश की सरकार चुनने में राजधानी के युवा इस बार अपनी भागीदारी सुनिश््िचत करना चाहते हैं। वे देश की सुरक्षा के मुद्दे पर वोट करना चाहते हैं।
जागरण संवाददाता, रांची : देश की सरकार चुनने में राजधानी के युवा इस बार अपनी भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। वे मतदान करने के लिए आगे आएंगे और दूसरों को भी प्रेरित करेंगे। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर योगदा सत्संग महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने दैनिक जागरण के समक्ष अपने मुद्दों को रखा जिसके आधार पर वे अपना मतदान करेंगे। युवाओं ने देश की सुरक्षा को अपना मुद्दा बताया। कहा कि देश की सुरक्षा मजबूत हाथों में हो, विश्व पटल पर भारत शक्ति के रूप में शामिल हो, इसके लिए प्रयास करने वाला नेता चुनेंगे। उनके मुद्दों में शिक्षा, बाल विवाह एवं दहेज प्रथा पर रोक, रोजगार, स्वास्थ्य, भ्रष्टाचार आदि भी शामिल हैं। छात्र दैनिक जागरण के अभियान पहला मुद्दा, पहला वोट कार्यक्रम में अपने मुद्दों पर बात कर रहे थे।
ज्ञात हो कि दैनिक जागरण मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसके लिए युवाओं के बीच जा कर उन्हें वोट की अहमियत बताने का प्रयास किया जा रहा है। गुरुवार को युवाओं से बातचीत करते हुए जागरण ने मताधिकार के बारे में बताया। एक वोट की कीमत क्या है इस विषय पर विस्तृत चर्चा हुई। छात्र-छात्राओं को समझाया गया कि रामनवमी, सरहुल और ईद की तरह चुनाव भी एक त्योहार है जो कि पांच वर्षो में एक बार आता है। इस दिन को भी उल्लास के साथ उत्सव के रूप में मनाएं और वोट देने के लिए अवश्य जाएं। आयोजन में प्रिया, प्रज्ञा, शुभम, विक्की, अखिल, संजू, सुदर्शन, निकित आदि ने अपने मुद्दों को रखा। आज नहीं जागे तो कल को बेचैन होंगे -
कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य बीपी नरसिंह राव उपस्थित हुए। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि वोट दे कर हम अपने साथ पूरे देश का भी भविष्य तय करते हैं। देश और समाज के कल्याण के लिए वोट देने के लिए जरूर आएं। मौके पर कॉलेज के प्रोफेसर इंचार्ज डॉ. मनोज शेखर ने कहा कि आज जागने की जरूरत है। आज नहीं जागे तो कल को बेचैन होना पड़ेगा। कुछ प्रसंगों के माध्यम से बच्चों को वोट की कीमत बताई और कहा कि वोट से हम अपने क्षेत्र का चेहरा चुनते हैं जिससे देश का भविष्य तय होता है। जाति, धर्म के आधार पर वोट ना कर उचित और योग्य उम्मीदवार चुनना ही लोकतंत्र की सफलता है। मौके पर डॉ. मृत्युंजय, डॉ. अमृता दत्ता और डॉ. धनेश्वर महतो भी उपस्थित थे। अपने मतदान के अधिकार का प्रयोग जरूर करें : गुड्डू कुमार
गुड्डू कुमार योगदा कॉलेज में बीए पार्ट एक के छात्र हैं। वे पहली बार अपना वोट देने जा रहे हैं और बेहद उत्साहित हैं। सभी युवाओं से वोट डालने की अपील की। कहा, अपने मताधिकार का प्रयोग जरूर करें। गुड्डू चाहते हैं कि उनका नेता जन कल्याण के लिए कार्य करे। देश की सुरक्षा उनका मुद्दा है और वे इसी के आधार पर वोट देंगे।
गुड्डू पिस्का नगड़ी में रहते हैं, उनके पिता किसान हैं। अपनी पढ़ाई के अलावा गुड्डू क्रिकेट खेलते हैं और यहीं बनना चाहते हैं। घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वे ऑटोमोबाइल्स में मेकैनिक का काम भी करते हैं। रोजाना 15 किमी की दूरी तय कर पढ़ाई के लिए कॉलेज आते हैं। प्रतिक्रिया -
1. बजरंग कुमार - देश की सुरक्षा सुनिश्चित हो।
2. जितेंद्र कुमार - गरीबों के लिए स्वास्थ्य व्यवस्था बेहतर हो।
3. अंशु कुमारी - दहेज प्रथा पूरी तरह खत्म हो।
4. बिंदू कुमारी - किसानों का कर्ज माफ हो।
5. चंदन कुमार - यूएनओ में भारत को स्थायी सदस्यता मिले।