सचिवालय सहायकों ने कनीय अभियंता को पीटा, अभियंता पत्नी ने लगाई न्याय की गुहार Ranchi News
Jharkhand. जल संसाधन विभाग में पदस्थापित कनीय अभियंता सतीश सिंह की पत्नी खुशबू ने अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की है।
रांची, राज्य ब्यूरो। राजधानी रांची में नेपाल हाउस सचिवालय स्थित जल संसाधन विभाग में पदस्थापित कनीय अभियंता सतीश कुमार सिंह की पत्नी खुशबू कुमारी ने अपर मुख्य सचिव अरुण कुमार सिंह को पत्र लिखकर सुरक्षा व न्याय की गुहार लगाई है। अभियंता पत्नी ने कहा है कि पिछले दिनों सहायकों ने मिलकर उनके पति सतीश कुमार सिंह को सचिवालय के गेट के पास व विभाग के लॉबी में घसीट-घसीट कर पीटा। इससे उनके चेहरे और हाथ व पैर में गंभीर चोटें आई है।
इस घटना से उनके पति काफी सहमे हुए हैं। डर के मारे रह-रहकर वह चिल्लाने लगते हैं। इस संदर्भ में अभियंता पत्नी ने आवेदन के साथ सदर अस्पताल की इंजरी रिपोर्ट भी संलग्न की है। वहीं सतीश कुमार सिंह ने बताया कि सचिवालय में कनीय अभियंता के रूप में दिए गए दायित्वों का वह बखूबी निर्वहन कर रहे हैं लेकिन सचिवालय सहायकों को यह नागवार लग रहा है। चूंकि सचिवालय में पद सृजित नहीं है। आए दिन सहायकों द्वारा अपमानित किया जाता है।
पिछले दिनों भी संयुक्त सचिव के समक्ष उन्होंने गाली-गलौज कर अपमानित किया। फिर सचिवालय के बाहर और लॉबी में 40-50 सहायकों ने मिलकर उनकी बुरी तरह से पिटाई कर दी। उन्होंने मांग की है कि सचिवालय में लगे सीसीटीवी के फुटेज निकाल कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए। वहीं सतीश सिंह की पत्नी खुशबू कुमारी ने मांग की है कि उनके पति को उनके पदस्थापित स्थान पर वापस भेजा जाए। अभियंता सतीश कुमार सिंह ने इस मामले को लेकर अभियंताओं से एकजुट होने की अपील की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना ना हो।