रामगढ़ में प्रतिमा विसर्जन जुलूस में घुसी स्कार्पियो, एएसआइ सहित एक दर्जन लोग घायल
रामगढ़ के गोला रोड स्थित झंडा चौक मोड़ पर हुई घटना विरोध में सड़क जाम। दुर्घटना में घायल कई लोग उपचार के लिए रांची रिम्स रेफर किए गए। स्थानीय गोला रोड बाजार टांड़ में रामगढ़ युवा संघ द्वारा मूर्ति स्थापित की गई थी।
रामगढ़ (जागरण संवाददाता)। रामगढ़ शहर के गोला रोड स्थित झंडा चौक मोड़ पर रविवार की देर रात श्री गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान एक तेज रफ्तार स्कार्पियो ने भीड़ में घुस गई। इस कारण जुलूस में शामिल रामगढ़ थाने के एएसआइ उपेंद्र सिंंह सहित एक दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। भगदड़ की स्थिति पैदा हो गई। तेज रफ्तार सफेद स्कार्पियो भीड़ को रौंदते हुए फरार हो गई।
सभी घायल तुरंत सदर अस्पताल, द होप अस्पताल रांची रोड व कई निजी अस्पतालों में भर्ती कराए गए। वहीं, गंभीर रूप से घायल छह लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। इसमें एसएसआइ उपेंद्र सिंंह भी शामिल हैं। घटना के बाद लोगों ने गोला रोड जाम कर दिया। रामगढ़ थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशितों को शांत कराया। लोग स्कार्पियो को जब्त करने की मांग कर रहे थे।
स्कार्पियो की शिनाख्त के लिए पुलिस सीसीटीवी को खंगाल रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक को स्कार्पियो करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। घटना के बाद झंडा चौक मोड़ पर भारी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई। बताया गया कि स्थानीय गोला रोड, बाजार टांड़ में रामगढ़ युवा संघ द्वारा मूर्ति स्थापित की गई थी। विसर्जन के लिए गाजे-बाजे के साथ युवक बिजुलिया तालाब लेकर जा रहे थे। जैसे गोला रोड तालाब के पास पहुंचे, चट्टी बाजार की ओर से आ रही स्कार्पियों जुलूस में घुसी और सीधे झंडा चौक होते हुए फरार हो गई।
घायलों में रामगढ़ युवा संघ के अध्यक्ष प्रभात अग्रवाल के पिता ओम अग्रवाल के अलावा लोहार टोला के दो युवक, बाजार टांड़ और गोला रोड के युवक शामिल हैं। जुलूस में रामगढ़ थाना पुलिस भी साथ-साथ चल रही थी। रात 11 बजे तक गोला रोड, झंडा चौक मोड़ के पास जाम की स्थिति बनी रही। घटना के करीब दो घंटे बाद झंडा चौक मोड़ के समीप से भीड़ हटी।
एहतियात के तौर पर एसडीपीओ केके रजक और डीएसपी मिश्रा सहित भारी संख्या में पुलिस घटनास्थल पर मुस्तैद थी। इसके अलावा पुलिस की गश्ती टीम भी मोहल्लों में गश्त लगाती रही। हर क्षण पुलिस के वरीय अधिकारी स्थिति की जानकारी लेतेे रहे। उधर, इस घटना के बाद लोग अपनों की कुशलता जानने के लिए अस्पताल का चक्कर लगाते रहे।