Rajya Sabha Election: सरयू राय राज्यसभा चुनाव में भाजपा को देंगे वोट, ट्वीट कर कांग्रेस पर कसा तंज
Rajya Sabha Election in Jharkhand. निशिकांत दुबे ने ट्वीट कर सरयू राय के समर्थन मिलने का दावा किया है। राय ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि अब मैं कंफ्यूज्ड नहीं हूं।
रांची, राज्य ब्यूरो। Rajya Sabha Election News राज्यसभा चुनाव में भाजपा को सरयू राय का साथ मिलना तय हो गया है। निशिकांत दुबे ने अपने ट्वीट में इस बात का दावा किया है। निशिकांत दुबे के ट्वीट को पर टिप्पणी करते हुए सरयू राय ने भी कहा है, अब मैं कंफ्यूज्ड नहीं हूं। राय के इस ट्वीट को कांग्रेस पर तंज के रूप में देखा जा रहा है। एक निजी टीवी चैनल से भी बातचीत में सरयू राय ने इसे और स्पष्ट किया है और भाजपा प्रत्याशी दीपक प्रकाश व निशिकांत दुबे को अपना पुराना हितैषी बताया है।
राय पूर्व से ही कांग्रेस के प्रत्याशी खड़ा करने के खिलाफ रहे हैं। निशिकांत दुबे ने अपने ट्वीट में सरयू राय से अपनी नजदीकी का हवाला देते हुए कहा कि सरयू राय मेरे परिवार के सदस्य हैं। उन्होंने हमेशा मूल्यों, सिद्धांतों व ईमानदारी की राजनीति की है। मैने उनको राज्य सभा के 19 जून के चुनाव के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, जो राय जी के भी पुराने मित्र हैं, को समर्थन देने का आग्रह किया है। अपने दूसरे ट्वीट में निशिकांत दुबे ने इसे और स्पष्ट करते हुए कहा, इस आग्रह को उन्होंने स्वीकार कर लिया।
सरयू राय के समर्थन के लिए मेरे पास शब्द नहीं है। आगे लिखा, जय भाजपा, विजय भाजपा। झारखंड में कांग्रेस के हार्स ट्रेडिंग के मंसूबों पर पानी फिर गया है। राय ने निशिकांत दुबे के ट्वीट पर स्पष्ट तो समर्थन देने की बात स्वीकार नहीं की लेकिन इशारों-इशारों में जता अवश्य दिया। राय ने कहा, निशिकांत दुबे का ट्वीट महत्व की बात है। मै कंफ्यूज्ड नहीं हूं। उलझन को घनीभूत होने देते रहने पर इससे पार पा लेना बेहतर होता है। ज्ञात हो कि जब सरयू राय ने कांग्रेस उम्मीदवार को वापस लेने की सलाह दी थी, तब कांग्रेस ने उन्हें कंफ्यूज्ड करार दिया था।