Move to Jagran APP

झारखंड में शासक कमजोर और बेपरवाह, समाज विरोधी ताकतों का मनोबल बढ़ा : जेपी नड्डा

रांची भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को झारखंड में पार्टी के आठ जिला कार्यालयों का ऑनलाइन उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया और राज्य सरकार पर निशाना साधा। नड्डा ने कहा कि आज झारखंड में लॉलेसनेस की स्थिति है। कहा यह सब तब होता है जब शासक कमजोर होता है बेपरवाह होता है। प्रदेश में समाज विरोधी ताकतों का मनोबल बढ़ा है।

By JagranEdited By: Published: Wed, 29 Jul 2020 12:37 AM (IST)Updated: Wed, 29 Jul 2020 12:37 AM (IST)
झारखंड में शासक कमजोर और बेपरवाह, समाज विरोधी ताकतों का मनोबल बढ़ा : जेपी नड्डा
झारखंड में शासक कमजोर और बेपरवाह, समाज विरोधी ताकतों का मनोबल बढ़ा : जेपी नड्डा

रांची : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मंगलवार को झारखंड में पार्टी के आठ जिला कार्यालयों का ऑनलाइन उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उनका मनोबल बढ़ाया और राज्य सरकार पर निशाना साधा। नड्डा ने कहा कि आज झारखंड में लॉलेसनेस की स्थिति है। प्रदेश में नक्सलवाद का प्रकोप बढ़ गया है। हत्या, लूट, बलात्कार, अपहरण की घटनाएं बढ़ी हैं। कहा, यह सब तब होता है जब शासक कमजोर होता है, बेपरवाह होता है। शासक को जनता की समस्याओं की कोई चिता नही होती है। प्रदेश में समाज विरोधी ताकतों का मनोबल बढ़ा है। फेसबुक लाइव के माध्यम से हुए नड्डा के संबोधन को 77 हजार लोगों ने देखा और सुना।

loksabha election banner

कोविड-19 महामारी की रोकथाम पर राज्य सरकार की विफलता पर नड्डा ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने में विफल साबित हो रही है। कुशल प्रबंधन का अभाव है। केंद्र द्वारा आवंटित मुफ्त चावल, गेहूं, दाल, चना का वितरण भी गरीबों व जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पा रहा है। इस मौके पर नड्डा ने केंद्र सरकार के स्तर से किए जा रहे कार्यों को भी कार्यकर्ताओं से साझा किया। कहा, वे जनता के बीच इन उपलब्धियों को लेकर जाएं। साथ ही, प्रदेश सरकार को उसकी जिम्मेदारियों से भी अवगत कराएं। पार्टी की विचारधारा को जमीन तक पहुंचाने के साथ-साथ राज्य में एक सशक्त विपक्ष भी बनें। इस मौके पर नई दिल्ली से केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, प्रदेश मुख्यालय से प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, नेता विधायक दल बाबूलाल मरांडी व अन्य शीर्ष नेता जुड़े। इससे पूर्व सभी राज्य के आठ जिलों लोहरदगा, सिमडेगा, चाईबासा, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, पलामू, गिरिडीह और धनबाद के नवनिर्मित कार्यालयों में विधिवत हवन पूजन का कार्यक्रम हुआ। इसमें जिलों के सांसद, विधायक प्रदेश पदाधिकारी व जिला पदाधिकारी शामिल हुए।

-----

सुविधा के साथ संस्कार केंद्र :

जेपी नड्डा ने कहा कि पार्टी कार्यालय कार्यकर्ताओं के लिए सिर्फ सुविधा केंद्र नहीं हैं, बल्कि यह संस्कार केंद्र भी होते हैं। यहां से कार्य का वातावरण और संस्कार पैदा होता है। कहा कि ऑफिस भले 10 बजे से पांच बजे तक चलते हैं, परंतु कार्यालय तो 24 घंटे संचालित होते हैं। उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित और आधुनिक सुविधा संपन्न कार्यालय प्रधानमंत्री की सोच का परिणाम है, जिसे भारत सरकार के गृह मंत्री एवं पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के मार्गदर्शन में धरातल पर उतारा जा रहा है। आज देश के 700 सांगठनिक जिलों में से 400 जिलों में अपना कार्यालय बन चुका है, शेष जिलों में भी आगामी दो वर्षों में कार्य पूरा हो जाएगा।

-----------

कार्यालय कार्यकर्ताओं के लिए मंदिर : अरुण सिंह

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और झारखंड के प्रभारी सांसद अरुण सिंह ने ऑनलाइन उद्घाटन के अवसर पर कहा कि यह कार्यालय कार्यकर्ताओं के लिए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा में संपर्क-संवाद की परंपरा है, जिसमें कार्यालय एक बड़ा केंद्र बिदु है। आज लेह लद्दाख की चोटियों में भी भाजपा का अपना व्यवस्थित कार्यालय है।

-------

जिला कलक्टर ऑफिस से ज्यादा जानकारी भाजपा कार्यालय में हो : बाबूलाल

भाजपा विधायक दल के नेता पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जिला कार्यालय जनता की उम्मीदों का केंद्र बनेगा। जिलों से संबंधित जितनी जानकारी जिला कलेक्टर ऑफिस में न हो, उससे अधिक जानकारी भाजपा जिला कार्यालय में उपलब्ध हो, पार्टी ऐसा सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कार्यालय निर्माण कार्य से जुड़े पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, सांसद महेश पोद्दार, शेखर अग्रवाल समेत निर्माण समिति से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि हमें कार्यालय को जीवंत बनाना है।

--------------


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.