दुर्घटना में घायल नमिता के इलाज को पैसे नहीं दिए तो सड़क जाम कर काटा बवाल, एएसपी से धक्का-मुक्की
जागरण संवाददाता रांची दुर्घटना बीते सात जनवरी को हुई। लेकिन लोगों का आक्रोश दस दिनों बाद फूट पड़ा।
जागरण संवाददाता, रांची : दुर्घटना बीते सात जनवरी को हुई। लेकिन लोगों का आक्रोश दस दिनों बाद फूटा। सहजानंद चौक के पास सात जनवरी को नमिता महली सड़क हादसे में घायल हो गई थी। आरोपितों ने इलाज का खर्च नहीं दिया तो लोग सड़क पर उतर आए। शुक्रवार को परिजन व मोहल्लेवासियों ने सड़क जाम कर नमिता के इलाज के लिए खर्च देने की मांग की। इसके लिए जमकर कर बवाल काटा। सुबह करीब 8:30 बजे सहजानंद चौक के पास लोगों ने टायर जलाकर प्रदर्शन किया। पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी भी की। इसबीच भीड़ ने वहां मौजूद हटिया एएसपी विनीत कुमार से धक्का-मुक्की की। अचानक भीड़ उनपर टूट पड़ी। उन्हें बचाकर अरगोड़ा थानेदार विनोद कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी किनारे ले गए। इसके बाद सभी को खदेड़ा। पूरे दो घंटे तक सड़क जाम कर लोग हंगामा करते रहे। हंगामा बढ़ने की सूचना पर कोतवाली, जगन्नाथपुर, डोरंडा, सुखदेवनगर सहित कई थानेदार मौके पर पहुंच गए।
लिखित आश्वासन के बाद ही माने : लोगों का कहना था कि नमिता को टक्कर मारने वाले आरोपित की ओर से इलाज का खर्च नहीं उठाया जा रहा। जबकि उनसे इलाज के खर्च का वहन करने का आग्रह किया गया। लेकिन धक्का मारने वाले कार चालक दीपक प्रसाद व उनके चाचा ने इन्कार कर दिया। पैसा देने से इन्कार करने की बात कह केस लड़ने की बात कही गई। इससे गुस्साए परिजनों ने सड़क जाम कर हंगामा किया। प्रशासन से इलाज का खर्च दिलाने की मांग की गई। हंगामा बढ़ता देख पुलिस प्रशासन ने नमिता के पूरे इलाज का खर्च वहन करने, दुर्घटना मुआवजा दिलाने और आरोपित पर कार्रवाई का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद लोग माने और करीब 10:30 बजे जाम हटाया। परिजन बोले लेकर रहेंगे इलाज का खर्च
परिजनों के हंगामे के बीच पूरा सड़क जाम कर दिया। आवागमन पूरी तरह ठप था। परिजनों का कहना था कि इलाज के लिए अब तक दो से तीन लाख रुपये खर्च हो चुके हैं। आगे भी लाखों का खर्च है। चूंकि नमिता के कंधे, कमर में गंभीर चोट है। हाथ की अंगुली कट चुकी है। फिलहाल वह जगन्नाथ अस्पताल में भर्ती है। परिजनों का कहना है कि उसके इलाज के लिए खर्च लेकर रहेंगे। खर्च नहीं देने पर सड़क पर ही जमे रहेंगे। पुलिस-प्रशासन की ओर से काफी समझाने के बाद वे माने। नशे में धुत चालक ने 300 मीटर तक घसीटा था :
बीते सात जनवरी की रात करीब 11:30 बजे अरगोड़ा इलाके के सहजानंद चौक के समीप वसंत विहार कॉलोनी में नमिता को स्विफ्ट डिजायर कार ने जोरदार टक्कर मार दी थी। टक्कर के बाद करीब 300 मीटर तक कार ने नमिता को घसीटा भी था। कार चालक दीपक प्रसाद नशे में धुत होकर नमिता को टक्कर मारी थी। जब वह स्कूटी से घर लौट रही थी। इससे नमिता गंभीर रूप से घायल हुई थी। कई जगहों के मांस पूरी तरह निकल गए थे। नमिता हरमू ढेला टोला की रहने वाली है।