Jharkhand: बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाएगा आरएसएस
Rashtriya Swayamsevak Sangh News आरएसएस के सरकार्यवाह भय्याजी जोशी ने कहा कि देश के किसी भी जिले में रहने वाले वनवासी समाज के लोगों को कठिनाई नहीं होनी चाहिए। उनकी हर तरह की चिंता हमें ही करनी होगी।
रांची, [संजय कुमार]। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरकार्यवाह भय्याजी जोशी ने कहा कि देश के किसी भी जिले में रहने वाले वनवासी समाज के लोगों को कठिनाई नहीं होनी चाहिए। उनकी हर तरह की चिंता हमें ही करनी होगी। यह देखने का काम वनवासी कल्याण आश्रम के कार्यकर्ता करेंगे। वे गांवों में वनवासी परिवार के पास जाकर देखेंगे कि कोई भूखा तो नहीं रह रहा है। उन्हें कोई परेशानी तो नहीं है। उनके दुख-सुख में हमेशा साथ रहना होगा।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की जयंती (15 नवंबर) को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में पूरे देश में मनाया जाएगा। इस काम में वनवासी कल्याण आश्रम के कार्यकर्ताओं के साथ-साथ सभी अनुषांगिक संगठन के लोग भी लगेंगे। वे नागपुर में वनवासी कल्याण आश्रम के अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक में उपस्थित अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। तीन दिवसीय बैठक का मंगलवार को समापन हो गया।
भय्याजी जोशी ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा अपने धर्म की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करते रहे। उनके जीवन से हम सभी लोगों को प्रेरणा लेनी चाहिए। आने वाली पीढ़ी को यह बताने की जरूरत है कि बिरसा मुंडा किस तरह अंग्रेजों से भी लोहा लेते रहे। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के कारण बहुत से काम स्थगित हो गए।
वैसे वनवासी कल्याण आश्रम के कार्यकर्ता इस दौर में भी लोगों के बीच काम करते रहे, अच्छी बात है, परंतु आदिवासी बच्चों के बीच खेलकूद, बाल संस्कार केंद्र में पढ़ाई, स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं के लिए स्वरोजगार को बढ़ावा एवं ग्राम विकास के काम को बढ़ाने की जरूरत है।
उल्लेखनीय है कि वर्तमान समय में पूरे देश में 52223 वनवासी गांवों में कल्याण आश्रम का काम चल रहा है। इसके साथ ही पूरे देश में 1904 बाल संस्कार केंद्र, 2931 स्वयं सहायता समूह, 472 दैनिक व 2098 साप्ताहिक खेलकूद केंद्र चल रहे हैं। साथ ही दर्जनों स्थानों पर ग्राम विकास का काम चल रहा है। भय्याजी ने कोरोना संक्रमण से बचने के लिए कल्याण आश्रम के कार्यकर्ताओं को स्वस्थ रहने के लिए भी योग, सूर्य नमस्कार, व्यायाम आदि करने की सलाह दी।