Move to Jagran APP

झारखंड विधानसभा में नमाज अदा करने के लिए कमरा आवंटित, सीपी सिंह बोले- हमें हनुमान मंदिर बनाने की दें अनुमति

Jharkhand Assembly News Hindi News झारखंड विधानसभा की नई बिल्डिंग में आदेश जारी कर नमाज के लिए कमरा आरक्षित किया गया है। इधर विधायक सीपी सिंह ने कहा कि विधानसभा में हमें हनुमान मंदिर बनाने की अनुमति दें।

By Sujeet Kumar SumanEdited By: Published: Sat, 04 Sep 2021 02:20 PM (IST)Updated: Sat, 04 Sep 2021 08:41 PM (IST)
झारखंड विधानसभा में नमाज अदा करने के लिए कमरा आवंटित, सीपी सिंह बोले- हमें हनुमान मंदिर बनाने की दें अनुमति
Jharkhand Assembly News, Hindi News झारखंड विधानसभा की नई बिल्डिंग में आदेश जारी किया गया है।

रांची, डिजिटल डेस्क। झारखंड विधानसभा की नई बिल्डिंग में नमाज पढ़ने के लिए कक्ष आवंटित किया गया है। इस संबंध में झारखंड विधान सभा सचिवालय की ओर से गुरुवार को आदेश जारी किया गया है। इसके साथ ही विधानसभा के कक्ष संख्या 348 को नमाज पढ़ने के लिए आरक्षित किया गया है। अधिसूचना पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए झारखंड के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता सीपी सिंह ने कहा है कि हम नमाज के लिए कक्ष आवंटित किए जाने के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन हमें विधानसभा भवन परिसर में हनुमान मंदिर बनाने की अनुमति मिलनी चाहिए। अगर विधानसभा अध्यक्ष मंदिर बनाने की अनुमति प्रदान करते हैं, तो हम अपने खर्च पर इसे तैयार कराने की जिम्मेदारी लेते हैं।

loksabha election banner

झारखंड विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ विधायक सीपी सिंह ने कहा कि नमाज पढ़ने के लिए जगह दे रहे हैं, तो पूजा करने के लिए हनुमानजी का मंदिर भी विधानसभा परिसर में बनाया जाए। पुराने विधानसभा परिसर में नमाज पढ़ने के लिए स्थान आवंटन पर उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी उन्हें नहीं है।

झारखंड विधानसभा सचिवालय के एक अधिकारी के मुताबिक बिहार विधानसभा में भी नमाज पढ़ने के लिए कमरा निर्धारित है। उसी आधार पर झारखंड विधानसभा के पुराने भवन में भी कमरा आवंटित किया गया था। इसी के आधार पर नए विधानसभा भवन में भी कमरा निर्धारित किया गया है।

इधर, बाबूलाल मरांडी ने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का वह मंदिर है, जिसे किसी धर्म या पंथ की परिधि में समेट कर नहीं रखा जा सकता। लेकिन झारखंड विधानसभा में किसी वर्ग विशेष के लिए नमाज कक्ष का आवंटन किया जाना न केवल एक गलत परंपरा की शुरुआत है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के भी विपरीत है। मैं विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो से अविलंब इस निर्णय को वापस लेने का अनुरोध करता हूँ, अन्यथा भाजपा इस निर्णय के विरुद्ध सदन से लेकर सड़क तक आंदोलन करेगी।

रघुवर बोले, निर्णय वापस नहीं लिया तो धरने पर बैठूंगा

पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने राज्य सरकार पर वोट बैंक के लिए संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा को तार-तार करने का आरोप लगाया है। रघुवर ने कहा कि हेमंत सरकार में शामिल विधायक खुलेआम तालिबान का समर्थन करते हैं। झारखंड विधानसभा में नमाज के लिए अलग कमरा इसी विचारधारा का नतीजा है। वरना भारतीय लोकतंत्र में विश्वास रखने वाला कोई भी व्यक्ति ऐसी हरकत नहीं करता। हेमंत सरकार तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति के लिए संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा भी तार-तार कर रही है। कहा, विधानसभा में नमाज के लिए अलग कमरे का आवंटन का निर्णय यदि नहीं वापस लिया गया, तो झारखंड भाजपा आंदोलन करेगी। हम सभी विधानसभा के बाहर धरने पर बैठेंगे।

बिहार के समय से परिपाटी है, बिहार में क्यों नहीं बदलवा रही भाजपा : कांग्रेस

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा है कि विधानसभा में नमाज पढ़ने के लिए अलग कमरा आवंटित करने की परिपार्टी संयुक्त बिहार के समय से ही चली आ रही है। भाजपा तो बिहार में सत्ता में है, वहां क्यों नहीं बदलवा रही। ठाकुर ने कहा कि जनता को पेट्रोल-डीजल, महंगाई जैसे ज्वलंत मुद्दों से भ्रमित करने के लिए भाजपा यह सब नौटंकी कर रही है। नफरत की राजनीति करने में भाजपा को महारत हासिल है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.