ड्रग्स के कारोबार में ज्योति के बाद पकड़ी गई महिला तस्कर रिजवाना, उसके तीन साथी भी गिरफ्तार
शहर में ड्रग्स का धंधा काफी फल फूल रहा है एक महिला तस्कर की गिरफ्तारी हुई है।
जासं, रांची : शहर में ड्रग्स का धंधा काफी फल फूल रहा है। ब्राउन शुगर के कारोबार में महिला ड्रग्स तस्करों की एंट्री ने पुलिस के कान खड़े कर दिए हैं। दिल्ली में माडलिग करने वाली ज्योति भारद्वाज के पकड़े जाने के बाद रांची पुलिस ने एक और महिला तस्कर रिजवाना ताज को उसके तीन साथियों के साथ गिरफ्तार किया है। रिजवाना ताज अंतरजिला ड्रग्स के कारोबार में शामिल थी। चारों को शुक्रवार को जेल भेज दिया गया है। पुलिस ड्रग्स तस्करों की तलाश में जुटी थी : दिल्ली में माडलिग करने वाली ज्योति भारद्वाज को सलाखों के पीछे पहुंचाने के बाद पुलिस ड्रग्स के कारोबार में शामिल तस्करों की तलाश में जुटी हुई थी। सुखदेव नगर पुलिस को सूचना मिली कि पिस्का मोड़ के पास कुछ युवक ब्राउन शुगर की सप्लाई करने के लिए आए हुए हैं। जानकारी मिलते ही सुखदेव नगर थाना प्रभारी ममता ने सादे लिबास में गैलेक्सी मॉल के पास छापेमारी की। इस दौरान मौके पर मौजूद तीन युवक भागने की कोशिश करने लगे। जिन्हें पुलिस ने खदेड़ कर धर दबोचा। पकड़े गए तस्करों में आनंद मुंडा, विकास सिंह और अमित कुमार सोनी शामिल हैं। तलाशी के दौरान तीनों तस्करों के पास से 30 ग्राम ब्राउन शुगर, वजन करने वाली मशीन और एल्यूमिनियम फाइल बरामद की गई। पूछताछ के क्रम में तीनों तस्करों ने बताया कि झारखंड के पलामू जिले की रहने वाली एक महिला से ड्रग्स खरीद कर रांची लाते हैं और फिर उसे बेचते हैं। पलामू में छापेमारी कर रिजवाना ताज को पकड़ा गया : तीनों तस्करों से मिली जानकारी के आधार पर रांची पुलिस की एक टीम ने पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र में पलामू पुलिस की मदद से छापेमारी की। इसके बाद रिजवाना ताज को धर दबोचा। पूछताछ में रिजवाना ने बताया है कि वह अंतर जिला ड्रग्स तस्करी में शामिल है। झारखंड के कई जिलों में ब्राउन शुगर की सप्लाई करती है। पति के जेल जाने के बाद संभाल रही थी काला कारोबार : कोतवाली एएसपी मुकेश लुणायत ने बताया कि रिजवाना का पति टिकू कुरैशी ड्रग्स के कारोबार में लिप्त है। वर्तमान में वह जेल में बंद है। टिकू कुरैशी के जेल जाने के बाद उसके ड्रग्स का कारोबार रिजवाना संभाल रही थी। रिजवाना पलामू पुलिस के निशाने पर थी। लेकिन सबूत नहीं मिलने की वजह से उसकी गिरफ्तारी नहीं हो पा रही थी। 700 रुपये है एक पुड़िया की कीमत : पकड़े गए तस्करों ने बताया है कि वे लोग रिजवाना से ब्राउन शुगर की खरीदारी करते थे। 5 ग्राम ब्राउन शुगर में 30 पुड़िया बनती है और एक पुड़िया की कीमत 700 रुपये है। हाल में ही गिरफ्तार विकास सिंह रिजवाना ताज के माध्यम से 45 ग्राम ब्राउन शुगर खरीदा था। तस्करों ने बताया है कि सारा धंधा फोन पर चलता था फोन पर ही ब्राउन शुगर खरीदने वाले लोगों से संपर्क करते थे। जिसके बाद एक निश्चित स्थान तय होता था और वहां ब्राउन शुगर की सप्लाई की जाती थी। इस धंधे में रांची, धनबाद, बोकारो और पलामू की कई महिलाएं शामिल हैं। महिला होने का फायदा उठाकर ड्रग्स के कारोबार को बखूबी चला रहे हैं। गिरफ्तार तस्करों के पास से पुलिस ने पांच मोबाइल बरामद किया है। मोबाइल में कई तरह की जानकारियां हैं। पुलिस सभी मोबाइलों को खंगाल रही है ताकि ड्रग्स के खरीदार और उसे बेचने वालों तक पहुंचा जा सके।
: मुकेश लुणायत, एएसपी, कोतवाली।