रिटायर्ड फौजी झारखंड पुलिस के जवानों को देंगे प्रशिक्षण Ranchi News
Jharkhand. सेना के तौर-तरीके व युद्ध कौशल से अवगत कराएंगे। नक्सलविरोधी अभियानों में भी मदद मिलेगी। सेना से सेवानिवृत्त 30 हवलदार व 7 जेसीओ की जरूरत।
रांची, राज्य ब्यूरो। राज्य के चारों काउंटर इंसर्जेंसी एंड एंटी टेररिस्ट स्कूल (सीआइएटीएस) के लिए सेवानिवृत्त सैनिकों को बहाल करने की तैयारी है। ये झारखंड पुलिस के जवानों को विशेष रूप से प्रशिक्षित करेंगे। इसके लिए वरीय प्रशिक्षक के पद पर सात जेसीओ व प्रशिक्षक के पद पर 30 हवलदार बहाल किए जाएंगे। पुलिस मुख्यालय ने इससे संबंधित विज्ञापन जारी कर दिया है।
जिन चार सीआइएटीएस में ये बहाल होंगे, उनमें लातेहार जिले के नेतरहाट, हजारीबाग के पद्मा, पूर्वी सिंहभूम के मुसाबनी व रांची के टेंडर ग्राम स्थित सीआइएटीएस शामिल हैं। ये प्रशिक्षक झारखंड पुलिस के जवानों को सेना के तौर-तरीके व युद्ध कौशल से अवगत कराएंगे, ताकि नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में उक्त तकनीक से मदद मिल सके।
बहाली के लिए प्राथमिकताएं
- भर्ती में कम उम्र, शैक्षणिक योग्यता एवं उग्रवाद ग्रस्त क्षेत्र में ऑपरेशन का अनुभव प्राप्त भूतपूर्व सैनिकों को प्राथमिकता दी जाएगी।
- इसमें झारखंड राज्य के भूतपूर्व सैनिकों को प्राथमिकता दी जाएगी। उपलब्धता नहीं होने पर ही दूसरे राज्यों के भूतपूर्व सैनिकों को लिया जाएगा।
- वरीय प्रशिक्षक के लिए 55 वर्ष व प्रशिक्षक के लिए 50 वर्ष अधिकतम आयु सीमा है।