Jharkhand High Court: अमित शाह मामले में राहुल गांधी को राहत, अगली सुनवाई सात मई को
Jharkhand High Court. भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को फिलहाल राहत मिल गई है।
रांची, जेएनएन। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को फिलहाल राहत मिल गई है। गुरुवार को होने वाली सुनवाई टल गई। अभी राहत बरकरार रहेगी। अगली सुनवाई सात मई को होगी। इस मामले में निचली अदालत ने समन जारी किया है।
यह है मामला
रांची के हरमू निवासी भाजयूमो नेता नवीन कुमार झा ने निचली अदालत में एक याचिका दाखिल की है। जिसमें राहुल गांधी पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया है। शिकायतवाद में कहा गया है कि कांग्रेस के राष्ट्रीय महाधिवेशन में राहुल गांधी ने कहा था कि भाजपा अमित शाह जैसे हत्या के आरोपी को अध्यक्ष के रूप में स्वीकार कर सकती है, लेकिन कांग्रेस ऐसा नहीं कर सकती।
शिकायतकर्ता ने कहा है कि राहुल गांधी के बयान से उन्हें गहरा आघात लगा है। यह मामला भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर अभद्र टिप्पणी करने से जुड़ा है। शिकायतकर्ता नवीन झा के वाद पर निचली अदालत ने बीजेपी के राष्टीय अध्यक्ष अमित शाह पर टिप्पणी करने के मामले में संज्ञान लेते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को समन जारी किया था।