IRCTC: हवाला दिया कोहरे का ... 25 फरवरी तक हर शुक्रवार को रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस रद
IRCTC सर्दियों में कोहरे की संभावना को देखते हुए रांची-पटना जनशताब्दी को 1 दिसंबर से 25 फरवरी तक हर शुक्रवार को रद किया गया है। यानी इस आदेश के मुताबिक अगले तीन महीने तक हर शुक्रवार को रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस नहीं चलेगी।
रांची, जासं। सर्दियों में कोहरे की संभावना को देखते हुए सोमवार से ही कुछ ट्रेनों का परिचालन बंद किया गया है। दिलचस्प यह है कि कोहरे के चलते रांची-पटना जनशताब्दी को 1 दिसंबर से 25 फरवरी तक हर शुक्रवार को रद किया गया है। यानी इस आदेश के मुताबिक अगले तीन महीने तक हर शुक्रवार को रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस नहीं चलेगी। कहा गया है कि पटना से चल कर रांची आने वाली 12365-पटना रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस 1 दिसंबर से 25 फरवरी के बीच हर शुक्रवार को रद रहेगी।
इसी प्रकार रांची से चल कर पटना जाने वाली 12366- रांची पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस भी 1 दिसंबर से 25 फरवरी के बीच भी हर शुक्रवार को नहीं चलेगी। बता दें कि इससे पहले के वर्षों में भी कोहरे को देखते हुए रांची-पटना जनशताब्दी को रद किया जाता रहा है। बता दें कि जनशताब्दी एक्सप्रेस के अलावा इस रूट पर दो ट्रेनें और चलायी जा रही हैंं। हालांकि इन्हें रद नहीं किया गया है। दक्षिण पूर्व रेलवे के अधिकारियों के अनुसार, रांची-पटना इस्लामपुर और हटिया पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस रांची-पटना के बीच चलेगी। इसी रूट से रांची-पटना जनशताब्दी जाती है। हालांकि इन दोनों ट्रेनों को तो रद नहीं किया गया है।
जबकि अभी से 25 फरवरी तक केवल जनशताब्दी को ही हर शुक्रवार को रद किया गया है। जनशताब्दी को रद करने से यात्रियों में भी आक्रोश है। इधर, ट्रेन संख्या 12873 हटिया -आनंदविहार टर्मिनल (त्रि साप्ताहिक) ट्रेन 30 नवंबर से 28 फरवरी तक हटिया से रद रहेगी। ट्रेन संख्या 12874 आनंदविहार टर्मिनल - हटिया (त्रि साप्ताहिक) ट्रेन एक दिसंबर से एक मार्च तक आनंदविहार से रद रहेगी। इन ट्रेनों को रद करने का कारण भी कोहरे को बताया गया है।