IAS Pooja Singhal: अफसरों की काली कमाई निवेश का खुलासा... बिहार-झारखंड के सात ठिकानों पर ईडी का छापा
IAS Pooja Singhal बिहार और झारखंड में पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा के रिश्तेदारों के यहां ईडी ने छापेमारी शुरू कर दी है। दूसरी बार अभिषेक झा के यहां छापेमारी हो रही है। माना जा रहा कि अब अभिषेक झा की भी गिरफ्तारी संभव है।
रांची, राज्य ब्यूरो। आय से अधिक संपत्ति और मनी लांड्रिंग मामले में गिरफ्तार आइएएस पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा के कई ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने एकबार फिर छापेमारी शुरू कर दी है। यह छापेमारी इस समय बिहार और झारखंड में हो रही है। बताया जा रहा कि करीब आधा दर्जनों ठिकानों पर ईडी की यह कार्रवाई सुबह से ही चल रही है। भाजपा सांसद डा निशिकांत दूबे ने भी ईडी की छापेमारी को लेकर ट्वीट किया है। बताया जा रहा है कि ईडी की यह छापेमारी पूजा सिंघल के पति अभिषेक झा के संबंधियों के यहां चल रही है।
अनिल झा और दुर्गा झा के यहां भी छापेमारी
बताया जा रहा कि ईडी की छापेमारी अनिल झा के यहां भी चल रही है। अनिल झा पर गिरफ्तार आइएएस पूजा सिंघल और खान विभाग में ऊपर तक काली कमाई पहुंचाने का आरोप है। अनिल झा अभिजीता कंस्ट्रक्शन में पार्टनर बताया जा रहा है। यह भी सूचना आ रही कि ईडी अनिल झा के भाई और दुर्गा डेवलपर्स के मालिक दुर्गा झा और एक अन्य संबंधित के यहां भी छापेमारी कर रही है। इनके कार्यालयों और घरों में यह छापेमारी चल रही है। दुर्गा डेवलपर्स का कार्यालय रांची के अरगोरा चौक के पास अशोक नगर, रोड नंबर 5 में है।
रांची में विशाल चौधरी के घर पर भी छापेमारी
इस बीच खबर आ रही कि प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी ने राजधानी रांची में विशाल चौधरी नामक एक व्यक्ति के घर पर भी छापेमारी की है। विशाल चौधरी को झारखंड के ब्यूरोक्रेट्स की काली कमाई का बड़ा निवेशक बताया जा रहा है। ईडी अभी उसके घर पर छापेमारी की दस्तावेजों की छानबीन कर रही है।
खनन अधिकारियों से मिली जानकारी के बाद छापेमारी
ईडी द्वारा खनन अधिकारियों से चल रही पूछताछ के बाद मिले इनपुट और अबतक की पूछताछ में इनका नाम सामने आया है। केवल पूजा सिंघल ही नहीं पाइपलाइन में वर्तमान में राज्य में सक्रिय कई अफसर भी हैं। छानबीन जारी है। विशाल चौधरी राज्य के कुछ आइएएस अफसरों का करीबी है। जांच में ऐसे अफसरों के नाम सामने आ सकते हैं। जानकारी के अनुसार रांची में विशाल चौधरी के विनायका ग्रुप पर ईडी की छापेमारी चल रही है। ईडी ने सभी कर्मचारियों का मोबाइल एक जगह रखवा दिया है। विशाल चौधरी का विनायका ग्रुप अशोक नगर रोड नंबर 5 के पास है।
विशाल चौधरी के घर नोट गिनने वाली मशीन लेकर पहुंचे अफसर
रांची में विशाल चौधरी के घर पर चल रही ईडी की छापेमारी में बड़े पैमाने पर नकद रुपये मिलने की बात सामने आ रही है। हालांकि अभी तक ईडी की ओर से इस बारे में कोई खुलासा नहीं किया गया है। इस बात का अनुमान इसलिए लगाया जा रहा कि ईडी ने थोड़ी देर पहले ही विशाल चौधरी के घर नोट गिनने वाली मशीन मंगाई है। कुछ अधिकारी मशीन लेकर जाते देखे गए हैं। इस मशीन की तस्वीर भी सामने आ गई है।
देखिए, रांची में विशाल चौधरी के यहां किस तरह चल रही छापेमारी
पल्स अस्पताल रांची का मालिक भी है अभिषेक झा
मालूम हो कि अभिषेक झा पल्स अस्पताल रांची के संचालक भी हैं। उनके अस्पताल के निर्माण में पूजा सिंघल ने भी अवैध तरीके से रुपयों का निवेश कर रखा है। इतना ही नहीं इस अस्पताल की जमीन भी विवादित है। जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है। इसकी भी जांच चल रही है। ईडी ने पिछले दिनों छापेमारी कर पूजा सिंघल के सीए सुमन कुमार सिंह के रांची स्थित घर से करीब 20 करोड़ रुपये नकद बरामद किया था। झारखंड में पहली बार इतनी बड़ी नकद राशि बरामद हुई थी। इन रुपयों की गिनती के लिए मशीन तक मंगानी पड़ गई थी।
बिहार के मधुबनी व मुजफ्फरपुर में है अभिषेक का घर
मालूम हो कि अभिषेक झा बिहार का रहने वाला है। उसका पैतृक गांव मधुबनी जिले में है। यहां उसके स्वजन ने आलीशान घर बना रखा है। उसके परिवार के सदस्य मुजफ्फरपुर में भी रहते हैं। यहां भी मिठनपुरा इलाके में उसने आलीशान मकान बना रखा है।
मूल रूप से देहरादून की रहने वाली है पूजा सिंघल
वहीं पूजा सिंघल उत्तराखंड के देहरादून की रहने वाली है। वहीं से उसने अपनी पढ़ाई पूरी की है। आइएएस राहुल पुरवार से पूजा सिंघल की पहली शादी हुई थी। बाद में दोनों में तलाक हो गया। इसके बाद पूजा सिंघल ने अभिषेक झा से शादी कर ली।