ट्रेनों पर पथराव रोकने को लेकर RPF ने ग्रामीणों के साथ की बैठक, ग्रामीण बोले- नहीं मारेंगे पत्थर
रांची से टाटीसिल्वे रेलवे स्टेशनों के बीच चलती गाड़ी में पत्थरबाजी की घटनाएं आम हैं। पटना रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस में कई बार पत्थरबाजी की घटनाएं हुई हैं। इसमें यात्री जख्मी हुए हैं। अब इन घटनाओं को रोकने के लिए आरपीएफ ने कवायद तेज कर दी है।
रांची, जासं । रांची से टाटीसिल्वे रेलवे स्टेशनों के बीच चलती गाड़ी में पत्थरबाजी की घटनाएं आम हैं। पटना रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस में कई बार पत्थरबाजी की घटनाएं हुई हैं। इसमें यात्री जख्मी हुए हैं। अब इन घटनाओं को रोकने के लिए आरपीएफ ने कवायद तेज कर दी है। आरपीएफ रांची के अधिकारियों और जवानों ने चलती गाड़ियों में पत्थरबाजी की घटनाओं को रोकने के लिए शुक्रवार को टांगरा टोली पंचायत में विधायक राजेश कच्छप की मौजूदगी में एक बैठक की। इस बैठक में आरपीएफ के जवानों ने ग्रामीणों को समझाया कि चलती ट्रेन में पत्थरबाजी की घटनाओं को रोका जाना बेहद जरूरी है। क्योंकि, पत्थर चलने से यात्री जख्मी हो जाते हैं।
विधायक ने भी ग्रामीणों को समझाया कि वह चलती गाड़ी में पत्थरबाजी की घटनाओं को रोके। जो लड़के या युवक ऐसा करते हैं। उन्हें समझाएं। युवकों को भी सभा में लाकर समझाया गया। बैठक में गांव के मुखिया, प्रधान, पूर्व वार्ड पार्षद के अलावा अन्य स्थानीय लोग भी मौजूद थे। सभी ने आश्वासन दिया कि इस गांव में अब ऐसी घटना नहीं होगी। इस दौरान रेलवे सुरक्षा बल रांची मंडल के मंडल सुरक्षा आयुक्त प्रशांत यादव की पहल पर 45 कोविड किट जरूरतमंदों के बीच वितरित भी किया गया। साथ ही 70 फलदार वृक्ष के पौधे भी लोगों के बीच बांटे गए।