रांची सांसद संजय सेठ ने जरूरतमंद बच्चों के लिए स्थापित किया बुक बैंक, एक लाख पुस्तक संग्रह का लक्ष्य
Jharkhand Latest News सांसद ने सभी सामाजिक-धार्मिक संगठन एवं रोटरी क्लब लायंस क्लब सहित आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि घर में रखी पुरानी किताबें साहित्य या कोई भी ज्ञानवर्धक पुस्तकें हैं उसे सांसद कार्यालय पहुंचाएं।
रांची, जासं। रांची के सांसद संजय सेठ ने अरगोड़ा स्थित अपने कार्यालय में पत्रकारों को संबोधित करते हुए आज कहा कि रांची लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत जो भी जरूरतमंद बच्चे हैं, उन्हें निश्शुल्क पुरानी पुस्तकें दी जाएंगी। इसके लिए बुक बैंक की स्थापना की गई है। दिसंबर तक एक लाख पुस्तकें संग्रह करने का लक्ष्य रखा गया है। सांसद ने सभी सामाजिक-धार्मिक संगठन एवं रोटरी क्लब, लायंस क्लब सहित आम लोगों से अपील करते हुए कहा है कि घर में रखी पुरानी किताबें, साहित्य या कोई भी ज्ञानवर्धक पुस्तकें हैं, उसे अपने क्षेत्र के नजदीकी सांसद समाधान केंद्र या सांसद कार्यालय में पहुंचाएं।
जो आने में असमर्थ हैं, वे 0651 22400 60 या 2240054 पर संपर्क करें। उनके घर से पुस्तकें मंगा ली जाएंगी। बुक बैंक खोलने का मुख्य उद्देश्य है कि ग्रामीण क्षेत्र के जरूरतमंद बच्चे, जो गांव-टोला में पढ़ते हैं, उन्हें पुस्तकें उपलब्ध हो सकें। राज्य सरकार बच्चों को पुस्तक उपलब्ध नहीं करा पाई है। बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए पुस्तक बैंक की स्थापना की गई है।