शिबू सोरेन के घर के पास गैंगवार करने वाले अपराधियों ने एक साथ अपराध की दुनिया में रखा था कदम
Jharkhand Crime News रांची के दो बड़े गैंगस्टर लवकुश शर्मा और कालू लामा ने अपराध की दुनियां में एक साथ कदम रखा था। इनकी गोलियों की तड़तड़ाहट से झारखंड की राजधानी रांची का मोरहाबादी गुरुवार को थर्रा गया।
रांची, जागरण संवाददाता। Jharkhand Crime News : झारखंड की राजधानी रांची का मोरहाबादी गुरुवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से थर्रा गया। दोपहर 1.55 मिनट पर हुए गैंगवार में कार से जा रहे कालू लामा पर विरोधी गुट के अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दी। अपराधियों ने कालू लामा के गर्दन में सटा कर गोली मारी जिससे मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि गोलीबारी में घायल राजू लामा और शुभम विश्वकर्मा को गंभीर हालात में रिम्स भर्ती कराया गया। रांची के दो बड़े गैंगस्टर लवकुश शर्मा और कालू लामा ने अपराध की दुनियां में वर्ष 2015 में एक साथ कदम रखा था। कालू लामा के खिलाफ 2015 में बरियातू थाना में कांड संख्या 509/ 15 दर्ज हुआ था। इस मामले में कालू लामा ने एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी।
दूसरी तरफ 2015 में लवकुश शर्मा के खिलाफ लालपुर थाना और अरगोड़ा थाना में एक करोड़ रु़पये की रंगदारी मांगने और पीडब्लूडी के इंजीनियर समरेंद्र प्रसाद को गोली मारने की प्राथमिकी दर्ज हुई थी। दोनों अपराधी इन घटनाओं के बाद चर्चित हुए थे। इसके बाद कई घटआओं को अंजाम दिया।
पुलिस ने दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल तो भेज दिया, लेकिन दोनों जेल में सक्रिय रहें। जेल से कालू ने जमीन कारोबारी कुंदन सिंह की हत्या करा दी तो लवकुश शर्मा ने लाखों रुपये रंगदारी में वसूला। पुलिस लवकुश और उसके गिरोह के सदस्यों को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है। वहीं कालू के गिरोह के लोगों पर भी पुलिस की नजर है।
कुछ माह पहले ही जेल से निकले हैं बाहर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कालू पर 16 मामले दर्ज तो लवकुश पर 12 मामले दर्जकालू लामा के खिलाफ शहर के अलग अलग थानों में 16 मामले दर्ज हैं। इसमें हत्या ,रंगदारी और लूटपाट का मामला है। वहीं लवकुश शर्मा पर रंगदारी और जानलेवा हमला करने का 12 मामला दर्ज है। दो साल से अधिक जेल में रहने के बाद दोनों अपराधी कुछ माह पहले ही जेल से बाहर निकले हैं। लवकुश शर्मा एक समय पुलिस के लिए इतना बड़ा सिरदर्द बन गया था कि पुलिस को उसपर एक लाख रुपये का इनाम रखना पड़ा था। इसके बाद पुलिस ने उसे कोलकाता से गिरफ्तार किया था। कालू लामा पुलिस को खुलेआम चुनौती देता था। पुलिस के द्वारा कालू को एक बार पकड़ा गया था, तो उसने अपना नाम बदल कर पुलिस को चकमा दिया था और पुलिस के सामने से निकल गया था।
सुजीत के इशारे पर लवकुश कर रहा है काम
पुलिस की जांच में इस बात का खुलासा हुआ है कि लवकुश शर्मा जेल में बंद सुजीत सिन्हा के इशारे पर काम करता है। जेल में रहने के बाद लवकुश और सुजीत में दोस्ती हो गई थी। सुजीत सिन्हा सभी अपराधियों को अपने साथ मिलाकर गिरोह चलाने का काम कर रहा है।