रांची में 3 दिनों में 5 आत्महत्या, हलवाई का काम छूट गया तो फंदे से झूल गया Ranchi News
Ranchi Jharkhand News बीते बुधवार को तीन आत्महत्या के मामले सामने आए थे। इनमें एक छात्र ने मां से पैसे मांगे थे पैसे नहीं मिलने पर आत्महत्या कर ली थी।
जागरण संवाददाता, रांची : Ranchi Jharkhand News शहर में आत्महत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक के बाद एक आत्महत्या की घटनाएं लगातार सामने आ रही है। शुक्रवार की सुबह फिर एक आत्महत्या का मामला सामने आया। अरगोड़ा इलाके के अरगोड़ा बस्ती में रहने वाले हलवाई निवारण प्रमाणिक ने फंदे से झूल कर आत्महत्या कर ली। उसका काम छूट जाने से वह परेशान था। पहले किसी होटल में मिठाई बनाता था, काम छूट गया था। इससे आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। इधर हाल के दिनों में बाजार में जलेबी बना कर भेजता था। उससे भी काम नहीं चल रहा था। आखिर में उसने आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि निवारण प्रमाणिक ने बाथरूम में जाकर फांसी लगा ली है। वह मूल रूप से पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा का रहने वाला था। घटना की सूचना मिलने के बाद अरगोड़ा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
तीन दिनों के भीतर पांच आत्महत्या के मामले :
रांची में 3 दिनों के भीतर पांच आत्महत्या के मामले सामने आए हैं। बीते बुधवार को तीन आत्महत्या के मामले सामने आए थे। इनमें एक छात्र ने मां से पैसे मांगे थे, पैसे नहीं मिलने पर आत्महत्या कर ली थी। दूसरा एक हलवाई आर्थिक तंगी के कारण फंदे से जुड़ गया था। तीसरा कोकर हैदर अली रोड में रहने वाला मजदूर ने फंदे से झूल कर आत्महत्या कर ली थी। दूसरे दिन गुरुवार को झारखंड के पीटीआई ब्यूरो चीफ ने फंदे से झूल कर आत्महत्या कर ली थी। इस शुक्रवार को सुबह एक और आत्महत्या का मामला सामने आया।