रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट का 794 एकड़ में होगा विस्तार, 40 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
Ranchi Jharkhand News. जोनल डेवलपमेंट प्लान का जो खाका तैयार किया गया है उसके अनुसार इस इलाके में मेट्रो ट्रेन भी दौड़ेगी। मजबूत आधारभूत संरचना तैयार होगी।
रांची, जासं। राजधानी के जोन एफ में पडऩे वाले रांची के बिरसामुंडा एयरपोर्ट का विस्तार किया जाएगा। एयरपोर्ट के रनवे को भी और लंबा करने की योजना है। डेवलपमेंट प्लान में 794 एकड़ में एयरपोर्ट के विस्तार की योजना बनाई गई है। इसके अलावा, जोन एफ में प्रदर्शनी ग्राउंड भी बनाया जाएगा। राजधानी के सभी बड़े मेले इसी ग्राउंड आयोजित किए जाएंगे।
सड़कें चौड़ी करने के साथ ही आधारभूत संरचना को भी मजबूत बनाया जाएगा। जोन एफ नगर निगम के जोनल डेवलपमेंट प्लान का छठा जोन है। नगर निगम ने रांची को सात जोन में बांटा है। जोन एफ एयरपोर्ट के आसपास का इलाका है। इस इलाके में दो राष्ट्रीय राजमार्ग एनएच 75 और एनएच 33 हैं। जोनल डेवलपमेंट प्लान का जो खाका तैयार किया गया है उसके अनुसार इस इलाके में मेट्रो ट्रेन भी दौड़ेगी।
40 हजार लोगों को रोजगार का लक्ष्य
अभी जोन एफ में पडऩे वाले इलाकों के 50 हजार 959 लोगों को रोजगार मिला हुआ है। जोनल डेवलपमेंट प्लान के तहत नगर निगम ने 2037 तक इलाके के 92 हजार 642 लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। यानी, तब तक इस इलाके में लगभग 40 हजार नए लोगों को रोजगार दिलाया जाएगा।
बनेंगे तीन कॉलेज व 27 पुस्तकालय
नगर निगम ने जोन एफ में तीन नए कॉलेज और 27 पुस्तकालय का खाका तैयार किया है। जबकि, इस इलाके में 2037 तक आबादी के लिहाज से 54 स्कूलों की जरूरत होगी। जबकि, इलाके में अभी ही 73 स्कूल हैं। इस वजह से इस इलाके में स्कूलों की कोई जरूरत नहीं है।
बनेंगे दो सरकारी और चार निजी अस्पताल
जोन एफ में अभी एक ही सरकारी अस्पताल है। आबादी के लिहाज से 2037 तक इलाके में तीन सरकारी अस्पतालों की जरूरत होगी। इस वजह से नगर निगम ने इलाके में तीन सरकारी अस्प्ताल का खाका तैयार किया है। इस जोन में चार प्राइवेट अस्पताल भी खुलवाए जाएंगे। ताकि, लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा दिलाई जा सके।
57 धार्मिक स्थलों की होगी जरूरत
नगर निगम के जोनल डेवलपमेंट प्लान के अनुसार साल 2037 तक बढ़ी हुई आबादी के लिए इस क्षेत्र में 81 धार्मिक स्थलों की जरूरत होगी। अभी इलाके में 24 धार्मिक स्थल हैं। इनमें सात मंदिर, नौ मस्जिदें और आठ चर्च हैं।