अपराधियों को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, पत्थरबाजी; 2 पुलिसकर्मी घायल Ranchi News
Jharkhand News. रांची के गोंदा थाना क्षेत्र की बसंत विहार कॉलोनी की घटना है। अतिरिक्त पुलिस बल के आने पर बदमाश भागे। पुलिस के जाने के बाद दोबारा लौटे और कई घरों पर पत्थर चलाए।
रांची, जासं। राजधानी रांची में अपराधी अब पुलिस पर भी हमला करने से नहीं हिचक रहे। शनिवार की रात गोंदा थाना क्षेत्र की वंसत विहार कॉलोनी में छह-सात बदमाश युवकों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। उनलोगों ने पुलिस जीप को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। मौके की नजाकत को देख पुलिस बल को पीछे हटना पड़ा। इसी बीच एक पुलिसकर्मी ने वरीय अधिकारियों को घटना की सूचना दी। जब अतिरिक्त बल वहां पहुंचा, तो अपराधी वहां से भाग निकले।
रविवार को एएसआइ विनय कुमार साव के बयान पर मनीष ओझा, प्रशांत सिंह समेत अन्य छह आरोपितों के खिलाफ गोंदा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। उन बदमाशों के ठिकाने पर छापेमारी की गई, लेकिन कोई नहीं मिला। पुलिस के अनुसार शनिवार रात आठ बजे सूचना मिली कि बसंत विहार कॉलोनी में डॉ. बीपी सिन्हा के घर के पास कुछ लोग जुटे हैं। किसी अनहोनी की आशंका से गश्ती पुलिस को सूचना दी गई। गश्ती दल जब वहां पहुंचा और एक जगह जमा होने का कारण पूछा, तो वे लोग पुलिस से उलझ गए।
गाली-गलौज करने लगे। एएसआइ विनय साव ने प्रशांत सिंह को पकड़ा, तो सभी बदमाश उन पर टूट पड़े। अन्य पुलिसकर्मी जब उनके बचाव के लिए बढ़े, तो उनलोगों ने पत्थर बरसाना शुरू कर दिया। जब अतिरिक्त बल बुलाया गया, तब सभी वहां से भाग गए। बताया जा रहा है कि पुलिस के जाने के बाद अपराधी फिर कॉलोनी में आ धमके और कई घरों पर पत्थर चलाए। सड़क किनारे लगी गाडिय़ों में भी तोडफ़ोड़ भी की।