मिशन वन मिलियन स्माइल्स की डीसी ने की औपचारिक शुरुआत
मिशन वन मिलियन स्माइल्स अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। जिले के एक दर्जन से अधिक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में एकजुट प्रयास से जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने के सामूहिक संकल्प के साथ इस मुहिम की शुरुआत की गई।
रांची,जागरण संवाददाता : उपायुक्त छवि रंजन ने मिशन वन मिलियन स्माइल्स अभियान की औपचारिक शुरुआत की। जिले के एक दर्जन से अधिक सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में "एकजुट प्रयास से जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाने" के सामूहिक संकल्प के साथ इस मुहिम की शुरुआत की गई। रांची परिसदन में सादगी पूर्वक आयोजित इस कार्यक्रम में उपायुक्त ने सभी सहभागी संस्थाओं को साधुवाद देते हुए उनका स्वागत किया। साथ ही जिले के अन्य संगठनों एवं आम नागरिकों से भी अपील की कि वे इस नेक मुहिम में स्वैच्छिक रूप से सहभागी बनें।
मौके पर उपस्थित रांची के उप विकास आयुक्त अनन्य मित्तल ने इस अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए सभी सहभागी संगठनों के प्रतिनिधियों को महत्वपूर्ण सुझाव एवं मार्गदर्शन दिया।
मिशन के समन्वयक उप समाहर्ता संजय कुमार ने बताया कि इस व्यापक मुहिम के माध्यम से जिले के कई महत्वपूर्ण सक्रिय सामाजिक संगठनों ने 10 लाख यूनिट्स ( स्वेटर, कंबल, गर्म टोपी, गर्म मोजे, मास्क आदि ) के जुटाने तथा उन्हें सुपात्र जरूरतमंदों के बीच बांटने का लक्ष्य निर्धारित किया है। ताकि इस सर्दियों में जरूरतमंदों के चेहरे पर मुस्कान लाई जा सके।
उक्त अभियान के तहत कोई भी सहभागी संस्था या आम नागरिक नए या पुराने कपड़े या अन्य वस्तुएं दान कर सकेंगे। संग्रहित किए गए कपड़ों आदि को समुचित सेनेटाइज कर जरूरतमंद लोगों के बीच बांटा जाएगा।
शहर में कई संग्रह केंद्र कार्यरत
उपायुक्त ने बताया कि यह एक दीर्घावधि अभियान है जो शीत ऋतु के बाद तक भी जारी रह सकता है। किंतु आगामी एक सप्ताह तक विशेष संग्रह अभियान चलाया जा रहा है। इच्छुक लोग अपने पास के कलेक्शन सेंटर पर नए/ पुराने कपडे़ आदि जमा करवा सकते हैं। इस प्रकार के प्रमुख केंद्रों में स्पाइकर (लालपुर), फिराया लाल शोरूम (अल्बर्ट एक्का चौक), लुक्स सैलून, मारुति हाउस (चर्च कंपलेक्स), स्पाइकर (सुजाता चौक), स्प्रिंग सिटी (हिनू), फर्स्टक्राइ (कांके व लालपुर), रुईन हाउस (मोराबादी), फिराया लाल नेक्स्ट (अरगोडा), मोरिस बेकरी डोरंडा, हिल व्यू हास्पिटल बरियातू, रातू रोड गुरुद्वारा, पिस्का मोड़ आदि शामिल हैं।
मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी प्रभात शंकर के अलावा कुणाल अजमानी, अतुल गेरा, डा. सुनीता यादव, शिवेंद्र मोहन शर्मा, अतुल अग्रवाल, उत्सव पाराशर, गीता शर्मा, अमित शर्मा आदि सहित शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद थे।