सदर अस्पताल पहुंचे DC, लिया जायजा; सुविधाएं बढ़ाने का दिए निर्देश
रांची के उपायुक्त छवि रंजन ने रविवार को सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में उपलब्ध बेड का जायजा लिया। कोविड-19 के मरीजों के लिए उपलब्ध जरूरी सुविधाओं का ब्यौरा भी लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि क्षमता का इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है।
रांची, जासं । रांची के उपायुक्त छवि रंजन ने रविवार को सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल में उपलब्ध बेड का जायजा लिया। कोविड-19 के मरीजों के लिए उपलब्ध जरूरी सुविधाओं का ब्यौरा भी लिया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रबंधन की तरफ से बताया गया कि क्षमता का पूरा इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है। दक्ष मानव संसाधन की कमी सबसे बड़ी समस्या है। उपायुक्त ने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की मौजूदा स्थिति के बारे में जानकारी ली। महामारी के तेजी से होते प्रसार को देखते हुए सुविधाएं बढ़ाने का निर्देश दिया।
बेड की संख्या में भी बढ़ोतरी करने को कहा। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन सरकारी अस्पतालों में अधिक से अधिक मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मुहैया कराने के लिए कृत संकल्प है। अगर कहीं भी कोई समस्या आ रही है तो इस बारे में तत्काल अवगत कराया जाए। इसे तेजी से दूर करने का प्रयास किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी करते हुए जरूरी बदलाव करने के लिए कहा। उपायुक्त के साथ जिले के दूसरे प्रशासनिक अधिकारी तथा सिविल सर्जन मौजूद रहे।