तब्लीगी महिलाओं के गर्भवती का मामला: अपने ही आदेश का पालन नहीं करवा पा रहे रांची डीसी Ranchi News
Tablighi Jamaat क्वारंटाइन सेंटर में 3 महिलाओं के गर्भवती होने के मामले में अपर समाहर्ता की जांच रिपोर्ट के बाद इंसिडेंट कमांडर के बयान पर प्राथमिकी का आदेश दिया गया था।
रांची, राज्य ब्यूरो। रांची के उपायुक्त छवि रंजन अपने ही आदेश का अनुपालन नहीं करवा पा रहे। मामला खेलगांव के क्वारंटाइन सेंटर में तब्लीगी जमात की महिलाओं के गर्भवती होने का है। दैनिक जागरण में खबर छपने के बाद उपायुक्त ने तत्कालीन अपर समाहर्ता सत्येंद्र कुमार से पूरे मामले की जांच कराई थी। जांच में यह पुष्टि हो गई कि क्वारंटाइन सेंटर में ही तब्लीगी जमात की महिलाएं गर्भवती हुईं।
इसके बाद अपर समाहर्ता की रिपोर्ट की समीक्षा के बाद उपायुक्त छवि रंजन ने कहा था कि इस पूरे प्रकरण में खेलगांव क्वारंटाइन सेंटर के इंसिडेंट कमांडर के बयान पर आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। उनपर क्वारंटाइन सेंटर के नियमों के उल्लंघन का आरोप है। करीब 15 दिनों के बाद भी इस मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। अब उपायुक्त अपने ही बयान से मुकरते नजर आ रहे हैं।
गौरतलब है कि वीजा नियमों व लॉकडाउन के उल्लंघन के मामले में तब्लीगी जमात की चार महिलाओं सहित कुल 17 विदेशी महिला-पुरुष 30 मार्च को खेलगांव स्थित क्वारंटाइन सेंटर में भेजे गए थे। क्वारंटाइन सेंटर में रहने के दौरान ही उनपर प्राथमिकी दर्ज हुई और उन्हें न्यायिक हिरासत में लिया गया।
इसके बाद 21 मई को सभी बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा होटवार भेजे गए। तब मेडिकल जांच के दौरान तीन महिलाओं ने खुद को गर्भवती होने की जानकारी दी। छानबीन में यह जानकारी मिली कि दो महिलाएं क्वारंटाइन के दौरान खेलगांव में गर्भवती हुईं, जबकि एक महिला क्वारंटाइन से पूर्व गर्भवती हुई थी।