रांची DC की सख्त हिदायत- बाहर से आने वाले हरेक यात्री की हो कोरोना जांच, एक भी छूटे तो जिम्मेदारों पर होगी कार्रवाई
कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए रांची जिला प्रशासन की ओर से लगातार कदम उठाया जा रहा है। इसके तहत रांची में पड़ने वाले दोनों रेलवे स्टेशन तथा दोनों बस स्टैंड पर कोरोना जांच अनिवार्य कर दिया गया है।
रांची, जासं । कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए रांची जिला प्रशासन की ओर से लगातार कदम उठाया जा रहा है। इसके तहत रांची में पड़ने वाले दोनों रेलवे स्टेशन तथा दोनों बस स्टैंड पर कोरोना जांच अनिवार्य कर दिया गया है। उपायुक्त रांची तरफ से जारी आदेश में कहा गया है कि बाहर से आने वाले यात्रियों की जांच में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर कोई भी यात्री बिना जांच के बाहर निकल आता है तो संबंधित अधिकारी सीधे जवाबदेह होंगे।
दरअसल, मार्च महीने में बाहर से आने वाले यात्रियों में बड़े पैमाने पर कोरोना पॉजिटिव के सामने आए हैं। लिहाजा प्रशासन अब इस मामले में किसी तरह की छूट देने के मूड में नहीं है। खादगढ़ा और आईटीआई बस स्टैंड तथा रांची रेलवे स्टेशन और हटिया रेलवे स्टेशन में लगातार कोविड टेस्टिंग हो रही है। पिछले 48 घंटे में 1140 लोगों का किया गया सैंपल कलेक्शन किया गया है। खादगढ़ा बस स्टैंड पर 289 और आईटीआई बस स्टैंड में 295 लोगों का सैंपल कलेक्ट किया गया। रांची रेलवे स्टेशन पर 292 लोगों और हटिया रेलवे स्टेशन पर 264 लोगों का सैंपल कलेक्ट किया गया। रविवार की देर रात तक राजधानी रांची में कुल 446 कोरोना पॉज़िटिव मरीज मिले।
इसके साथ ही कुल एक्टिव मरीजों की संख्या बढ़कर 3010 हो गई है। 53 मरीज डिस्चार्ज हुए। शहर के अलग-अलग हिस्सों में 5 लोगों की मौत हो गई। अब तक कुल 37125 पॉजिटिव केस आए हैं।जिसमें 33848 मरीज डिस्चार्ज हो चुके हैं।