Ranchi Coronavirus Update: रांची एसएसपी हुए कोरोना पॉजिटिव, एडीजी स्तर के अधिकारी भी हैं संक्रमित
Ranchi Coronavirus Update News रांची एसएसपी शनिवार को सहायक पुलिसकर्मियों के द्वारा किए जा रहे आंदोलन को लेकर उनसे मिलने मोराबादी मैदान भी गए थे। अभी तीन आइपीएस अधिकारियों का इलाज रांची के मेडिका अस्पताल में चल रहा है।
रांची, जासं। रांची पुलिस में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। इसी कड़ी में रांची के एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा भी कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए। पिछले दो दिनों से एसएसपी को बुखार आ रहा था। इसके बाद उन्होंने रविवार को अपना कोरोना टेस्ट करवाया था। एसएसपी शनिवार को सहायक पुलिसकर्मियों के द्वारा किए जा रहे आंदोलन को लेकर उनसे मिलने मोराबादी मैदान भी गए थे।
इस दौरान मंत्री मिथिलेश ठाकुर भी वार्ता के लिए पहुंचे थे। माना जा रहा है कि सहायक पुलिस कर्मियों में शामिल कई लोग कोरोना संक्रमित हो सकते हैं। लेकिन प्रशासन के मना करने के बावजूद भी आंदोलन कर रहे हैं। सहायक पुलिसकर्मियों ने अपना जांच भी नहीं करवाया है। फिलहाल एसएसपी अपने घर में ही आइसोलेशन में हैं।
एडीजी स्तर के अधिकारी भी संक्रमित
वहीं राज्य पुलिस के कई पदाधिकारी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। तीन आइपीएस अधिकारियों का इलाज मेडिका अस्पताल में चल रहा है। जानकारी के मुताबिक, बीते कुछ दिनों पूर्व रेल एसपी आनंद प्रकाश को कोरोना हो गया था। तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। वहीं डीआइजी होमगार्ड नरेंद्र सिंह, आइजी जैप सुधीर झा भी तबीयत बिगड़ने के बाद मेडिका में भर्ती हैं। वहीं राज्य पुलिस के एडीजी विशेष शाखा मुरारीलाल मीणा व उनकी पत्नी भी कोरोना से संक्रमित हैं। दोनों रिम्स में इलाज करा रहे हैं।